भागलपुर में भाजपा नेता की हत्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष पर आरोप; नाना बोलकर रोका और गोली मार दी

हिन्दुस्तान, भागलपुर, कार्यालय संवाददाता।
Follow us on Google News
share

भागलपुर में भाजपा के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पूर्व मंडल अध्यक्ष और उनके भांजा पर आरोप लग रहा है।

भागलपुर में भाजपा नेता की हत्या
भागलपुर में भाजपा नेता की हत्या

बिहार के भागलपुर में भाजपा नेता श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (50 वर्ष) की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बबरगंज के कुतुबगंज इलाके में शुक्रवार को बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। उनके सिर में गोली मारी गई। घटना के पीछे काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की चर्चा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस मामले में पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष और उनके भांजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।

वारदात के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग खून से लथपथ उमा भूषण को आनन-फानन में जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड के चिकित्सकों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में दो गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आपसी रंजिश और पूजा में चंदा के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

पूर्व मंडल अध्यक्ष और भांजा पर प्राथमिकी

हत्याकांड में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज निवासी पूर्व पार्षद शशि मोदी और मोजाहिदपुर थाना के सिकंदरपुर निवासी उनके भांजा कृष्णा मोदी के खिलाफ हत्या का मामला बबरगंज थाना में दर्ज किया गया है। उमा भूषण तांती के भाई अरविंद ने बताया कि वार्ड पार्षद शशि मोदी का भांजा किशन कुमार और उसका एक साथी बाइक पर सवार होकर आए। इसी दौरान मार्केट जा रहे मेरे भाई को पीछे से एक गोली मारी, जो उनकी कनपटी के पास सिर पर लगी। गोली लगने के बाद मेरे भाई सड़क पर अचेत होकर गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। उन्होंने बताया कि मेरे भाई से पहले शशि मोदी मंडल अध्यक्ष थे।

शव से लिपटकर रोती रही बेटी

उमा भूषण तांती की हत्या की खबर सुनकर उनकी बेटी मायागंज अस्पताल पहुंची। अस्पताल पहुंचते ही पिता के शव लिपटकर रोने लगी। इस दृश्य के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों का भी दिल दहल गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बेटी ने कहा- पापा उठ जाओ...प्लीज पापा उठ जाओ। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के नगर विधायक रोहित पांडेय तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढ़स बंधाया और मौके पर मौजूद वरीय पुलिस अधिकारियों से बात कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। कई भाजपा कार्यकर्ताओं की भी आंखें नम दिख रही थीं। उमा भूषण तांती साल 1995 से भाजपा के एक्टिव कार्यकर्ता रहे हैं। साल 2025 में उन्हें मंडल अध्यक्ष के तौर चुना गया था। क्षेत्र में उनकी काफी लोकप्रियता थी।

आम आदमी सुरक्षित नहीं: पप्पू यादव

भाजपा नेता की हत्या की सूचना के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भागलपुर पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पप्पू यादव ने कहा कि भागलपुर में कितनी हत्या हुई है। हर बार मैं आता हूं। भगवान भरोसे प्रदेश चल रहा है। दलाल-माफिया, नेता-पदाधिकारी का गठजोड़ है। यही चारों सुरक्षित हैं, बाकी लोगअसुरक्षित नहीं हैं।

भूषण की हत्या भाजपा के लिए क्षति : शाहनवाज

पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने मंडल अध्यक्ष की हत्या रक शोक जताया है। उन्होंने कहा कि उमा भूषण की हत्या हृदयविदारक है। वे हमारे काफी निकट थे। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में भाजपा उनके परिजनों के साथ खड़ा है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

अश्विनी चौबे ने शोक जताया

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी हत्या पर शोक व्यक्त किया है। कहा कि उनका पारिवारिक संबंध रहा है। वे सरल, मृदुभाषी वसंगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता थे। भाजपा परिवार ने एक निष्ठावान व समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया है। घटना को लेकर उच्चाधिकारियों एवं भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से वार्ता की है। अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसएसपी बोले जल्द होगी गिरफ्तारी

एसएसपी पीके यादव ने बताया कि बारीकी से जांच पड़ताल की गई है। काफी मात्रा में खून मिला है। सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की पहचान की भी कोशिश की जा रही है। टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। देर रात एसएसपी और सिटी एसपी घटनास्थल पहुंचे थे।

नाना बोलकर रोका और गोली मार दी

पप्पू तांती के साथ रहने वाले अंकित ने बताया कि वह बाइक से जा रहा था। पप्पू अंकल भी दूसरी बाइक से थे। इसी दौरान बाइक से 2 लोग आए, उनमें से एक किशन था। किसन ने नाना बोलकर पप्पू की गाड़ी रुकवायी। गाड़ी रोकते ही दोनों ने फायरिंग कर दी। इधर मोहल्ले में यह भी बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले महादेव तालाब मंदिर में चोरी हुई थी। वहां सूखा नशा करने वाले असमाजिक तत्वों का जमावड़ा लग रहा था। पप्पू ने इसपर आपत्ति की थी। लोगों का कहना है कि पप्पू का परिवार भी संपन्न है। मूल रूप से वह ठेकेदारी व कुतुबगंज में जमीन की प्लॉटिंग भी करते थे। हाल में घर के पास ही जमीन की रजिस्ट्री लेने की बात भी चर्चा में है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsभागलपुर में भाजपा नेता की हत्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष और भांजे पर FIR