राहुल गांधी की यात्रा में पीएम मोदी को गाली से भड़की बीजेपी, RJD-कांग्रेस की क्लास लगा दी

लाइव हिन्दुस्तान, पटना/दरभंगा
Follow us on Google News
share

दरभंगा जिले में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान स्वागत मंच से पीएम नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने का वीडियो वायरल होने के बाद आरजेडी और कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी ने चौतरफा हमला बोल दिया है। 

राहुल गांधी की यात्रा में पीएम मोदी को गाली से भड़की बीजेपी, RJD-कांग्रेस की क्लास लगा दी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक स्वागत मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं की क्लास लगाना शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री से लेकर डिप्टी सीएम और बिहार के मंत्री तक, सभी ने पीएम मोदी की दिवंगत मां के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष को घेरा है।

यह वाकया दरभंगा जिले का बताया जा रहा है। बुधवार को सिंवाड़ा प्रखंड के अतरबेल में राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान महागठबंधन के नेताओं के स्वागत के लिए मंच बनाया गया था। आरोप हैं कि इस मंच से पीएम नरेंद्र मोदी की मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की गई। गाली देने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी लाइव हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि दरभंगा की जाले विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार मोहम्मद नौशाद के समर्थक मोहम्मद फैयाज ने यह मंच बनवाया था। यह किसी पार्टी का आधिकारिक मंच नहीं था। हालांकि, भाजपा और एनडीए के नेता इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भड़के हुए हैं।

बीजेपी के निशाने पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता बनने के लायक नहीं हैं। क्योंकि जिस मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जाए और उसको लेकर कांग्रेस की तरफ से माफी नहीं मांगना यह बताता है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा के नाम पर पीएम नरेंद्र मोदी के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहे हैं।

लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली घटना- सम्राट चौधरी

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इसे लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली घटना बताया है। उन्होंने गुरुवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस और राजद के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहा। यह समाज में द्वेष पैदा करने की इन लोगों की भाषा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब वह देगी, कांग्रेस और राजद का सफाया करेगी।

बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने भी इस पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री की दिवंगत माताजी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह केवल प्रधानमंत्री की माताजी का नहीं बल्कि हर भारतीय मां और महिला के सम्मान का अपमान है। सत्ता की लालसा में कांग्रेस-आरजेडी की सोच इतनी नीचे गिर चुकी है कि वे भाषा की मर्यादा तोड़ने लगे हैं।”

भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी ट्वीट कर लिखा गया, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माताजी के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है। तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाकर बिहारवासियों को अपमानित कराया। अब उनकी हताशा की स्थिति यह है कि वे प्रधानमंत्री मोदी की माताजी को गाली दिलवा रहे हैं।”

चिराग पासवान भी भड़के

बीजेपी की सहयोगी पार्टी लोजपा रामविलास के मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी विपक्ष पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अभद्रता और अशोभनीय भाषा की कोई जगह नहीं। राहुल और तेजस्वी की यात्रा के मंच से पीएम मोदी के लिए जिस प्रकार की गंदी और घटिया भाषा का प्रयोग किया गया, वह केवल निंदनीय ही नहीं, बल्कि शर्मनाक भी है। बिहार की जनता इन अपमानजनक शब्दों को कभी माफ नहीं करेगी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।