बिहार में बल्लेबाजी करते समय भाजपा नेता के सीने में हुआ दर्द, अचानक मौत से पसरा मातम
बल्लेबाजी करने के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और साथियों से कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिहार में क्रिकेट खेलते वक्त अचानक एक भाजपा नेता की मौत हो गई। पूर्णिया के जलालगढ़ में इस घटना के बाद मातम पसर गया। यहां स्टेशन चौक निवासी 45 वर्षीय राजू शर्मा की 26 जनवरी को क्रिकेट खेलने के दौरान अचानक मौत हो गई। बताया जाता है कि हृदय गति रुकने से उनका निधन हुआ। वे भारतीय जनता पार्टी जलालगढ़ मंडल के बूथ महामंत्री और सक्रिय कार्यकर्ता थे। जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को रेलवे ग्राउंड में जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों के बीच दोपहर 2 बजे से क्रिकेट मैच शुरू हुआ था। राजू शर्मा भी खेल में शामिल थे।
बल्लेबाजी करने के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और साथियों से कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य संजीव सिंह, विनोद मंडल, सदानंद झा, किशोर जायसवाल, विजय सिंह, मंडल अध्यक्ष चंद्रदीप पोद्दार, दीपक कुमार, धीरज कुमार, राजकुमार, कामेश्वर जमादार सहित कई लोग मौजूद रहे। शव यात्रा के दौरान परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। राजू शर्मा अपने पीछे एक पुत्र और दो छोटी पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से क्षेत्र ने एक सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता को खो दिया।



