तेजस्वी ने विदेश घूमने के लिए पहले ही मना लिया RJD का स्थापना दिवस; BJP का आरोप
भाजपा के नेताओं ने आरोप लगाया है कि बिहार की गर्मी से दूर ठंडी जगह घूमने के लिए राजद के नेता तेजस्वी यादव ने राजद का स्थापना दिवस समारोह चार दिन पहले ही मना लिया। राजद का गठन 5 जुलाई 1997 को हुआ था।

Tejashwi Yadav News: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार विधानसभा में विपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर घूमने के लिए अपनी पार्टी राजद का स्थापना दिवस कार्यक्रम भी चार दिन पहले आयोजित कर लेने का आरोप लगाया है। भाजपा के कई नेताओं ने इस मसले पर तेजस्वी को घेरा है और कहा है कि इसी राजनीतिक शैली के कारण जनता ने राजद को नकार दिया है। तेजस्वी की पार्टी ने अपने कार्यकारी अध्यक्ष के बचाव में कहा है कि भाजपा वाले अपनी सरकार का काम देखें। बीजेपी नेता तेजस्वी पर पहले ही स्थापना दिवस मनाकर विदेश दौरे पर जाने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन यह साफ नहीं है कि वह कहां जा रहे हैं। पिछले साल चुनावी हार के बाद तेजस्वी पत्नी और बच्चों को लेकर दिसंबर में यूरोप घूमने गए थे। बता दें कि लालू यादव ने 5 जुलाई 1997 को राजद की स्थापना की थी।
बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कल राजद के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने खुले मंच से तेजस्वी पर आरोप लगाया कि वह कार्यकर्ताओं और आमजन से नहीं मिलते। अपने घर का दरवाजा एक घंटा के लिए भी कार्यकर्ताओं के लिए खोलें। उन्होंने कहा कि यह राजद की आंतरिक सच्चाई है। उन्होंने कहा कि आरजेडी का स्थापना दिवस 5 जुलाई को था, लेकिन तेजस्वी को बिहार की गर्मी बर्दाश्त नहीं हुई। इसलिए वह 1 जुलाई को ही इसे मनाकर ठंडे इलाके में छुट्टियां मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव सिर्फ आरामपसंद राजनीति करते हैं, इसलिए बिहार की जनता ने उन्हें रिजेक्ट कर दिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी इस मसले पर बयान दिया और कहा कि तेजस्वी यादव को विदेश जाना है तो राजद का स्थापना दिवस पहले ही मना लिया गया। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी के स्थापना दिवस के लिए तेजस्वी यादव के पास समय नहीं है तो जनता क्या मानेगी। जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि राजद ने 5 दिन पहले ही स्थापना दिवस मना लिया, क्योंकि तेजस्वी विदेश जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो नेता पार्टी स्थापना दिवस को लेकर गंभीर नहीं है, वह बिहार के लोगों को लेकर क्या संजीदा होगा। भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि लालू यादव के बेटे तेजस्वी विपक्ष के नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी किसी ठंडी जगह जा रहे हैं, क्योंकि यहां गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी का बचाव करते हुए कहा कि भाजपा के लोग तेजस्वी की यात्रा की चिंता छोड़कर बिहार की जनता की चिंता करें। उन्होंने कहा कि सरकार चला रहे लोगों को तेजस्वी फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चलाए, जनता से जो वादा किया है, वो पूरा करे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं, इसका जवाब नहीं देंगे भाजपा के नेता। कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने भी तेजस्वी का पक्ष लेते हुए तंज में कहा कि विदेश जाने, अच्छा कपड़े पहनने, अच्छा भोजने करने और कुछ बोलने का अधिकार सिर्फ प्रधानमंत्री को है।


