बिहार: नवल, एनके और नरेंद्र होंगे बीजेपी के MLC प्रत्याशी; बागी रहे सर्वेश कुमार को दरभंगा स्नातक से टिकट
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी ने कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है। पिछली बार टिकट नहीं मिलने के कारण बीजेपी से बगावत कर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर जीत हासिल करने वाले सर्वेश कुमार इस बार भाजपा के टिकट पर दरभंगा स्नातक से चुनावी मैदान में उतरेंगे।

बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इस बीच इस चुनाव के लिए बिहार भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। मंगलवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मौजूदा विधान पार्षद प्रो नवल किशोर यादव और कोसी स्नातक निर्वाचन के डॉ एनके यादव हैं। दोनों ही नेताओं को दोबारा टिकट दिया गया है। वहीं पिछली बार टिकट नहीं मिलने के कारण पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर जीत हासिल करने वाले सर्वेश कुमार इस बार भाजपा के टिकट पर दरभंगा स्नातक से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
वहीं तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेन्द्र कुमार सिंह को उम्मीदवार के रूप में चयन किया गया है। वे पिछली बार चुनाव लड़े थे पर हार गए थे। जाहिर है बीजेपी ने इस बार तीन प्रत्याशी रिपीट किए हैं। बीजेपी ने जिन नामों का ऐलान किया है उनमें नवल किशोर यादव और एनके यादव पहले से विधान परिषद में हैं। बता दें कि नरेंद्र सिंह इससे पहले कोसी शिक्षक सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। बता दें कि बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है। इन सभी सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 तारीख को मतगणना होगी। बीजेपी के द्वारा प्रत्याशियों के नाम के ऐलान के बाद अब इन सभी सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो चुकी है।
जदयू, जनसुराज और राजद के उम्मीदवारों की लिस्ट देखें-
जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र- नीरज कुमार
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र- अभिषेक झा
सारण शिक्षक क्षेत्र- आनंद पुष्कर
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र- घनश्याम राय
जनसुराज के प्रत्याशी
पटना स्नातक- अनुज सिंह
दरभंगा स्नातक- रवींद्र यादव
सारण शिक्षक- अफाक अहमद
कोशी स्नातक- रजनीश रंजन
तिरहुत स्नातक- डॉ विमोहन
तिरहुत शिक्षक- डॉ भूषण झा
राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी
पटना शिक्षक- डॉ संजीव कुमार
पटना स्नातक- दिलीप कुमार
कोशी स्नातक- नितेश कुमार
दरभंगा स्नातक- अनिल कुमार झा
सारण शिक्षक- प्रो जयराम यादव
तिरहुत स्नातक- डॉ रश्मि विनायक गौतम


