बिहार में होली से पहले फैला बर्ड फ्लू, पटना जू 7 मार्च तक बंद; जिलों में अलर्ट जारी
बिहार में होली से पहले बर्ड फ्लू फैल गया है। पटना जू को 7 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। पटना समेत कई जिलों में मुर्गों और कौवों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद विभिन्न जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बिहार में होली से पहले बर्ड फ्लू की दस्तक से चिंता बढ़ गई है। पटना जू को 7 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। सभी जिलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अब तक पटना, भागलपुर, कटिहार, नवगछिया, दरभंगा और मुंगेर में 400 से अधिक कौवों में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हो चुकी है। बिहार पशु विज्ञान यूनिवर्सिटी के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में भी 6000 मुर्गियां संक्रमित पाई गई हैं। राज्य के कुछ जगहों पर पक्षियों और मुर्गियों में मिले बर्ड फ्लू की सूचना के बाद राज्य स्वास्थ्य समिति ने संबंधित क्षेत्र के आस-पास के अस्पतालों को सतर्क कर दिया है। इसको लेकर समिति की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है।
पटना समेत कई शहरों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद राज्यभर में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही त्वरित कार्रवाई दल का गठन किया गया है। समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि सिविल सर्जनों को इस संबंध में फिर रिमाइंड किया गया है। इससे संबंधित रिपोर्ट सभी जिलों से प्रतिदिन समिति ले रही है।
समिति ने कहा कि जहां भी बर्ड फ्लू की सूचना मिलती है, उसके 3 किलोमीटर की परिधि में एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर इससे जुड़े मामलों की जांच कराएं। हाई रिस्क समूह पोल्ट्री श्रमिक और स्वास्थ्य कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस संबंध में जिलाधिकारियों को भी कहा गया है कि इस तरह के मामलों की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित कराएं।
उधर, डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग ने संक्रमित इलाकों में सेनेटाइजेशन का काम तेज कर दिया है। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही मुर्गीपालकों को भी सतर्क रहने को कहा है। शु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री फार्म की मुर्गियों के सैंपल लिए गए। भोपाल और कोलकाता लैब से बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान की टीम संक्रमित इलाकों पर नजर रख रही है।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि मृत पक्षियों को न छुएं, ना उठाएं और ना ही चीर-फाड़ करें। अभी तक किसी भी इंसान में बर्ड फ्लू के संक्रमण की सूचना नहीं है। कहीं मृत या बीमार पक्षी दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन या पशुपालन विभाग को सूचना दें।
70 डिग्री सेल्सियस तापमान में नष्ट हो जाता है वायरस
डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग ने कहा है कि 70 डिग्री सेल्सियस में वायरस नष्ट हो जाते हैं, इसलिए अंडे या सामान्य मुर्गियों को पकाकर खाने में कोई दिक्कत नहीं है। वहीं, पोल्ट्री फार्म संचालकों से कहा गया है कि मुर्गियों को सुरक्षित बाड़े में रखें। मुर्गियों की देखभाल करने वाले ही बाड़े में जाएं। देखभाल करने वाले बाड़े में जाने के बाद साबुन से हाथ धोएं। कीटाणुनाशक का छिड़काव करते रहें। मुर्गियों को बाहरी पक्षियों के संपर्क में नहीं आने दें। मृत मुर्गियों को खुले में न फेंके। उसे गहरे गड्ढे में डालकर चूना डालकर मिट्टी से ढंक दें।
पटना जू में प्रवेश 7 मार्च तक बंद
मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि होने के कारण पटना pt को हाई-अलर्ट मोड पर रखा गया है। आम दर्शकों के लिए चिड़ियाघर में प्रवेश 7 मार्च तक बंद रहेगा। संक्रमित क्षेत्रों में सावधानी बरती जा रही है और मांसाहारी जानवरों को मुर्गा देने पर रोक लगा दी गई है। जू में सावधानी पूर्वक प्रवेश सिर्फ वहां के कर्मचारियों का होगा। कर्मी मास्क लगा और गेट पर फूट वॉश के बाद अंदर प्रवेश करेंगे।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें


