श्रद्धा और आस्था के साथ 16 को मनाया जाएगा वट सावित्री व्रत
वट सावित्री व्रत 16 मई को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करेंगी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर वट वृक्ष के नीचे पूजा करेंगी। व्रत का मुख्य आकर्षण सावित्री और सत्यवान की कथा है।

श्रद्धा और आस्था के साथ 16 को मनाया जाएगा वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाओं में उत्साह, जुटीं तैयारी में पावापुरी, निज संवाददाता। सौभाग्य, समर्पण और अटूट वैवाहिक बंधन का प्रतीक पावन पर्व वट सावित्री व्रत इस वर्ष 16 मई शनिवार को पूरे जिला में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। उस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना करेंगी। इस व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं में काफी उत्साह है। वे तैयारियों में जुटी हुई हैं।
व्रत की तैयारियाँ
उस दिन सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में व्रत को लेकर विशेष चहल-पहल देखने को मिलेगी। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित होंगी और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करेंगी। पूजा के दौरान महिलाएं वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा बांधेंगी और अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी। इस व्रत का मुख्य आकर्षण सावित्री और सत्यवान की कथा का श्रवण एवं पाठ है। मान्यता है कि सावित्री ने अपनी अटूट निष्ठा, तप और दृढ़ संकल्प के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त कर लिए थे। तभी से यह व्रत पति की दीर्घायु और दांपत्य सुख के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। पंडित सूर्यमणि पांडेय ने बताया कि वट सावित्री व्रत केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नारी के समर्पण, प्रेम और विश्वास की अद्भुत मिसाल है। यह पर्व दांपत्य जीवन में निष्ठा और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का संदेश देता है। व्रत को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। पूजा सामग्री, फल, फूल, साड़ी, श्रृंगार सामग्री और अन्य वस्तुओं की खरीदारी तेज हो गई है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, जैसे-जैसे पर्व नजदीक आ रहा है, बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह है। महिलाएं समूह बनाकर वट वृक्ष के नीचे सामूहिक पूजा करेंगी, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो उठेगा। (पावापुरी से अनिल उपाध्याय)
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


