गुड़्डू की मौत से टूट गये परिवार के सपने
मां-बाप का इकलौता बेटा दो दिन पहले लौटा था दिल्ली से गुड़्डू की मौत से टूट गये परिवार के सपने गुड़्डू की मौत से टूट गये परिवार के सपने

मां-बाप का इकलौता बेटा दो दिन पहले लौटा था दिल्ली से हादसे के बाद सड़क पर बिखर गये घायलों के शरीर राजगीर, निज संवाददाता। दर्दनाक सड़क हादसे ने छबिलापुर को दहला दिया। हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर घायलों के शरीर इधर-उधर बिखरे पड़े थे। टेम्पो का पुर्जा-पुर्जा बिखर गया था। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। अन्य घायलों को पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूजा कुमारी व उनके तीन साल के पुत्र अंकुश को पावापुरी रेफर किया गया है। हादसे में कोचरा गांव निवासी विजय रविदास के 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार की मौत से परिवार के सारे सपने बिखर गये हैं। वह मां-बाप का इकलौता बेटा था। तीन बहनों के भरण-पोषण व शादी की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। पिता मजदूरी करते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वह दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और दो दिन पहले ही दिल्ली से वापस लौटा था। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि किसी का ई-रिक्शा किराये पर चलाता है। किसी तरह मेहनत मजदूरी कर वह परिवार का भरण पोषण कर रहा था।
मृतक सभी एक-दूसरे के रिश्तेदार
परिजनों की मानें तो गया जिला के गन्नू बिगहा गांव निवासी बसंत रविदास अपने परिवार के साथ रिश्तेदारों के घर कोचरा गांव आये थे। वहां से सभी लोग शनिवार को मलमास मेला पहुंचे थे। रात को मेला घूमने के बाद सुबह वापस घर लौट रहे थे। मृतक सभी परिवार के लोग हैं। गन्नू बिगहा की रानी देवी, गुड्डू की बहन की सास है। वहीं, शिवानी भांजी लगती थी।
मिलेगी सरकारी सहायता
सीओ अनुज कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध करायी जाएगी। फिलहाल संबंधित प्रखंड प्रशासन की ओर से पारिवारिक सहायता के रूप में 20-20 हजार रुपये का चेक दिया जा रहा है। सड़क हादसे में मृत्यु पर मिलने वाली अनुदान की राशि भी शीघ्र ही उपलब्ध करायी जाएगी। केके मेडिकल कॉलेज के डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को अस्पताल लाया गया था। यहां सभी का निशुल्क समुचित इलाज किया गया है। दो घायलों को रेफर किया गया है। (राजगीर से अनूप कुमार)
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


