पानी भरे गड्ढे में डूबकर बच्चे की मौत
कन्हैयागंज गांव में रविवार को एक बच्चे की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतक अमन कुमार, जो पहले कक्षा में पढ़ाई कर रहा था, स्कूल से भागकर नहाने गया था। स्थानीय लोगों ने उसका शव पानी से बाहर...

एकंगरसराय, निज संवाददाता। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कन्हैयागंज गांव में पानी भरे गड्ढे में डूबकर रविवार को बच्चे की मौत हो गयी। मृतक सोनियावां-बढ़ौना गांव निवासी चुन्नू मिस्त्री का आठ वर्षीय पुत्र अमन कुमार था। बच्चे के चाचा ने बताया कि अमन अपनी बहन के साथ प्राथमिक विद्यालय कन्हैयागंज गया था। वहां से पढ़ाई के बाद वापस घर नहीं लौटा। बहन से पूछने पर पता चला कि वह लंच के वक्त ही स्कूल से भाग गया था। वह पास में ही पानी भरे गड्ढे में नहाने चला गया। जब वहां जाकर खोजबीन की गई तो वहां अमन का कपड़ा पानी के बाहर पड़ा हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पानी भरे गड्ढे से अमन का शव बाहर निकाला गया। अमन पहली कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि इस जगह पर बालू माफिया द्वारा गड्ढा कर दिया गया है। उसके कारण आए दिन वहां हादसे होते रहते हैं। छह महीना पहले भी एक बच्चा उक्त स्थल पर डूब गया था। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष जय प्रकाश ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। यूडी केस दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।