बालू लदे ट्रैक्टर से स्कूल वाहन की टक्कर, दर्जनभर बच्चे जख्मी

Jan 31, 2026 10:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बिहारशरीफ
share

सिलाव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक स्कूल वाहन और बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर हो गई, जिससे दर्जनभर बच्चे जख्मी हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया, जबकि स्कूल वाहन का चालक भी भाग गया। स्थानीय लोगों ने बच्चों की मदद की और अस्पताल पहुंचाया।

बालू लदे ट्रैक्टर से स्कूल वाहन की टक्कर, दर्जनभर बच्चे जख्मी

बालू लदे ट्रैक्टर से स्कूल वाहन की टक्कर, दर्जनभर बच्चे जख्मी सिलाव थाना क्षेत्र के भूई मार्ग पर आहार मोड़ के पास हुआ हादसा ट्रैक्टर लेकर भागा चालक, स्कूल वाहन का चालक भी भागा सिलाव व बिहारशरीफ के निजी अस्पतालों में कराया गया इलाज थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी देने से किया परहेज फोटो : सिलाव हादसा-सिलाव-भुई मार्ग पर शनिवार को हादसे के बाद रोते बच्चे। सिलाव, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के सिलाव-भूई मार्ग पर आहार मोड़ के पास शनिवार की सुबह स्कूल वाहन और बालू लदे ट्रैक्टर में आमने-सामने की टक्कर हो गयी। हादसे में स्कूल वाहन पर सवार दर्जनभर बच्चों के जख्मी होने की सूचना है।

इनका इलाज सिलाव व बिहारशरीफ के निजी व सरकारी इलाजों में कराया गया। हादसे के बाद चालक अपना ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। स्कूल वाहन का चालक भी बच्चों को गाड़ी में ही छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने अधिक जानकारी देने से परहेज किया है। सुबह आठ बजे हुई घटना : गुरुकुल किड्स कॉन्वेंट स्कूल का मैजिक वाहन सतोखरी गांव से बच्चों को लेकर स्कूल लौट रहा था। सुबह आठ बजे के करीब आहार मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से आमने-सामने की टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि टैक्टर का अगला चक्का टूट गया। एक टायर भी फट गया। इसी हालत में चालक गाड़ी लेकर भाग गया। इधर, मैजिक वाहन का शीशा चूर-चूर हो गया। वाहन का अगला हिस्सा पिचक गया। बच्चे रोने लगे। चारोंओर कोहराम मच गया। लेकिन, बच्चों को उनकी हालत में छोड़कर चालक भाग गया। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने की मदद : वहां से गुजर रहे राहगीर व स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। बच्चे डर के मारे रो रहे थे। एक तो बेहोश भी था। उन्हें टेम्पो व अन्य वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। सिलाव के निजी क्लीनिक से कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ भेजा गया। घटना में सतोखरी गांव निवासी वीरेन्द्र यादव की 15 वर्षीया पुत्री रानी कुमारी, पंकज कुमार का पुत्र प्रियांशु कुमार, शिवम कुमार, दिव्यांशु कुमारी समेत दर्जनभर बच्चों के जख्मी होने की सूचना है। कैसे हुई घटना : स्थानीय लोगों की मानें तो इस मार्ग पर अवैध बालू लदे वाहन तेज गति से चलते हैं। इस वजह से आये दिन हादसे होते हैं। प्रशासन की मिलीभगत से दर्जनों ट्रैक्टर चल रहे हैं। दूसरी तरह, निजी स्कूल के वाहन चालक कैसे होते हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। हादसे के बाद बच्चों की मदद करने की बजाय चालक भाग गया। जब शहर के निजी स्कूलों के वाहनों में बच्चे भेड़-बकरियों की तरह ढोये जा रहे हैं तो ग्रामीण इलाकों की कौन कहे। अब गलती किसकी है, बालू के धंधेबाजों की, प्रशासन की या स्कूल संचालक और वाहन चालक की, यह सोचने वाली बात है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।