Biharsharif News: साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूमों को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
Biharsharif News: बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के सिंथु गांव में साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो बच्चों की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग की। बच्चों की पहचान ऋषिकेश और पंकज के रूप में हुई है।

Biharsharif News: साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूमों को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत मानपुर थाना क्षेत्र के सिंथु गांव के हाईस्कूल के पास हुआ हादसा नाराज लोगों ने गांव को जोड़ने वाली सड़क को किया जाम, मुआवजे की मांग दोनों बच्चे गांव के स्कूल में कक्षा एक में करते थे पढ़ाई ग्रामीणों का आरोप, नशे की हालत में था चालक, दुर्घटना के बाद हो गया फरार फोटो दुर्घटना : सिंथु हाईस्कूल के पास दुर्घटना के बाद शुक्रवार को रोते-बिलखते परिजन और लोगों की जुटी भीड़।
दुर्घटना का विवरण
बिहारशरीफ, कार्यालय प्रतिनिधि। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सिंथु गांव के हाईस्कूल के पास शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। एक ही साइकिल पर सवार होकर ट्यूशन पढ़ने जा रहे इन बच्चों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर नशे में धुत था। हादसे के बाद नाराज लोगों ने गांव को जोड़ने वाली सड़क पर शवों को रख जाम कर दिया। लोग मृतक के आश्रित को मुआवजा देने तथा घटना को अंजाम देकर फरार हुए चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हादसे का शिकार हुए बच्चों की पहचान 08 वर्षीय ऋषिकेश कुमार और 06 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। दोनों गांव के स्कूल में कक्षा एक के छात्र थे। ऋषिकेश मानपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी रामभजन चौहान का पुत्र था, जो इन दिनों अपने ननिहाल सिंथु टाड़ापर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वहीं, पंकज सिंथु गांव निवासी रंजीत चौहान का पुत्र था। एक ही साइकिल से मामा के पास जा रहे थे पढ़ने: ग्रामीणों ने बताया कि सिंथु हाई स्कूल के पास ऋषिकेश के मामा गौतम कुमार ट्यूशन पढ़ाते हैं। शुक्रवार को ऋषिकेश और पंकज एक ही साइकिल पर सवार होकर अपने मामा के पास ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उनकी साइकिल में ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार से गूंजा गांव, ग्रामीणों में आक्रोश: बच्चों की मौत की मनहूस खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, वे बदहवास हालत में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर बच्चों के शव देखकर कोहराम मच गया। हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता है। उनका आरोप है कि जब नशे में धुत चालक इस तरह सड़कों पर मौत बनकर गाड़ियां दौड़ाएंगे, तो वे अपने बच्चों को सुरक्षित स्कूल या ट्यूशन कैसे भेज पाएंगे। ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर हालात को नियंत्रित किया। सदर डीएसपी-वन अमरनाथ ने बताया कि गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


