Biharsharif News: हिलसा में प्रशासन की सख्ती से जाम से मिली राहत
Biharsharif News: अतिक्रमण हटने से सड़कें दिखने लगी चौड़ी हिलसा में प्रशासन की सख्ती से जाम से मिली राहत

Biharsharif News: अतिक्रमण हटने से सड़कें दिखने लगी चौड़ी टेम्पो चालकों की मनमानी से परेशानी बरकरार फोटो : हिलसा01-हिलसा में गुरुवार को प्रशासन के सख्ती के बाद सड़क हुई खाली। हिलसा, निज प्रतिनिधि। शहर में गुरुवार से नयी ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गयी। प्रशासन की सख्ती से लोगों को जाम से राहत मिली है। अतिक्रमण हटने से सड़कें चौड़ी दिखने लगी है। हालांकि, टेम्पो चालकों की मनमानी बरकरार है। अभी भी सड़कों पर टेम्पो को खड़ा कर सवारियों को बिठाने का सिलसिला जारी है। आम शहरियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है। अब देखना है कि शहरवासियों को कितने दिनों तक राहत मिलती है।
नियंत्रण व्यवस्था
गुरुवार से मुख्य बाजार में बसों और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है। टेम्पो व ई-रिक्शा को कलर कोडिंग व नंबर देने की व्यवस्था की गयी है। पहले चरण में 55 वाहनों को कलर कोडिंग व नंबर दिया गया। एसडीओ अमित कुमार पटेल पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहे और वाहन चालकों को नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। कई स्थानों पर वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के कागजात की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चेतावनी भी दी गयी। हालांकि, प्रशासन के हटते ही सड़क किनारे ही ई-रिक्शा व टेम्पो लगाने से परेशानी बढ़ गयी। पुलिस, माइकिंग कर वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करती दिखी।


