
जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी 2.89 करोड़ की मालकिन
संक्षेप: जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी 2.89 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं और इस्लामपुर से जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और दलित अत्याचार जैसे 8 आपराधिक मामले लंबित...
जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी 2.89 करोड़ की मालकिन इस्लामपुर से जन सुराज पार्टी के टिकट पर लड़ रहीं हैं जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी हलफनामे में चोरी, धोखाधड़ी और दलित अत्याचार जैसी गंभीर धाराओं में 8 केस लंबित होने की दी जानकारी परिवार पर 53 लाख रुपये का है कर्ज, जिसमें गोल्ड, गृह और वाहन लोन हैं शामिल बिहारशरीफ, हमारे संवाददाता। जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी इस्लामपुर विधानसभा सीट (संख्या-174) से जन सुराज पार्टी की प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। हलफनामे के मुताबिक, उनका परिवार 2 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति का मालिक है।
उन पर 8 आपराधिक मामले भी लंबित है। 46 वर्षीय तनुजा कुमारी और उनके पति सुनील कुमार की संयुक्त संपत्ति का लेखा-जोखा काफी प्रभावशाली है। कुल पारिवारिक संपत्ति 2 करोड़ 89 लाख 84,600 रुपये है। चल संपत्ति 96 लाख 59,600 और अचल संपत्ति 1 करोड़ 93 लाख 25,000 रुपये है। परिवार पर कुल 53 लाख रुपये का कर्ज भी है। जिसमें गोल्ड, गृह और वाहन लोन शामिल हैं। जमीन, गाड़ियां और सोने में बड़ा निवेश: तनुजा कुमारी के नाम पर सबसे बड़ा निवेश जमीन में है। उनके पास पटना के नदलाल छपरा और फतुहा के रुपसपुर में खरीदी गई गैर-कृषि भूमि है। जिसका कुल बाजार मूल्य 90 लाख रुपये है। उनके पति सुनील कुमार के पास रानीपुर में 3.82 एकड़ खेती की जमीन है। जिसका बाजार मूल्य 50 लाख रुपये है। इसके अलावा पटना के पहाड़ी इलाके में गैर-कृषि भूमि और कोरामा में एक आवासीय भवन भी है। परिवार के पास दो गाड़ियां हैं। सुनील कुमार 2019 मॉडल की महिंद्रा के मालिक हैं। जिसकी कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा उनके पास 75,000 रुपये की एक पुरानी होंडा गाड़ी भी है। तनुजा कुमारी के पास 170 ग्राम सोना (कीमत 17.42 लाख) है। जबकि उनके पति के पास 100 ग्राम सोना है। परिवार के पास करीब 94,500 रुपये नकद भी हैं। आपराधिक मामले और आय का स्रोत: तनुजा कुमारी ने अपने हलफनामे में खुद पर 8 आपराधिक मामले लंबित होने की घोषणा की है। इनमें चोरी, गबन, धोखाधड़ी, दलित अत्याचार और चेक बाउंस से जुड़ी गंभीर धाराएं शामिल हैं। उन्होंने खुद को नालंदा जिला परिषद का अध्यक्ष बताया है। जहां से उन्हें मानदेय मिलता है। इसके अलावा उनकी आय कृषि और मत्स्य पालन से होती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उनकी सालाना आय 7.18 लाख रुपये और उनके पति की आय 7.76 लाख रुपये रही। राजनीतिक पृष्ठभूमि: तनुजा कुमारी ने 2010 में इस्लामपुर के डिग्री कॉलेज से स्नातक किया है। जिला परिषद अध्यक्ष के तौर पर उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है। अब प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के बैनर तले उनकी विधानसभा चुनाव में सीधी एंट्री ने इस्लामपुर की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




