होली के बाद होगी राजगीर मलमास मेले की बंदोबस्ती
राजगीर में होली के बाद मलमास मेले की बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। पिछले साल की तुलना में 15 प्रतिशत की वृद्धि के साथ, यह 10 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। नगर परिषद का लक्ष्य पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करना है, जिससे व्यवसायियों को समय पर व्यवस्थाएं स्थापित करने का अवसर मिल सके।

होली के बाद होगी राजगीर मलमास मेले की बंदोबस्ती पिछले बंदोबस्त से 15 फीसदी अधिक 10 करोड़ तक पहुंच सकता है डाक राजगीर, निज संवाददाता। नगर परिषद होली पर्व के ठीक बाद मेले की बंदोबस्ती की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर देगा। नगर परिषद की मुख्य सभापति जीरो देवी ने बताया कि समय रहते बंदोबस्ती पूरी होने से खेल-तमाशा, झूला और दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को अपनी व्यवस्थाएं स्थापित करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। इससे मेले की भव्यता और सुविधाओं में भी सुधार होगा। इस बार मेले की बंदोबस्ती में पिछले आयोजन (2023) के मुकाबले 15 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
गौरतलब है कि पिछली बार 18 जुलाई से 16 अगस्त तक आयोजित मलमास मेले का डाक 6 करोड़ 36 लाख रुपये में किया गया था। पांच प्रतिशत सालाना वृद्धि के हिसाब से तीन साल में 15 फीसदी (लगभग 95.40 लाख रुपये) की बढ़ोतरी तय है। इस लिहाज से अग्रिम जमा राशि के रूप में संवेदकों को लगभग 1 करोड़ 32 लाख रुपये जमा करने पड़ सकते हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार नीलामी की यह बोली 10 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी छू सकती है। पिछले मलमास मेले में तीन थियेटर, एक सर्कस, एक जादूगर, दो मौत का कुआं, ड्रैगन झूला, टावर झूला, ब्रेक डांस, टोरा-टोरा और मछली घर जैसे आकर्षण मुख्य केंद्र रहे थे। नगर परिषद का प्रयास है कि सभी आवश्यक नियमों एवं शर्तों के तहत यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



