राज्यसभा नामांकन के बाद पावापुरी में चर्चा का माहौल रहा गर्म
राज्यसभा के लिए नीतीश कुमार के नामांकन के बाद पावापुरी में चर्चा का माहौल गरम है। स्थानीय लोगों ने उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को याद किया, खासकर भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना को। पावापुरी के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रहेगा।

राज्यसभा नामांकन के बाद पावापुरी में चर्चा का माहौल रहा गर्म विकास कार्यों को लेकर लोगों ने किया सीएम नीतीश को याद उनके फैसले से लोग स्तब्ध, कहा-पावापुरी के विकास में उनका अहम योगदान हमेशा रहेगा याद फोटो: पावापुरी महोत्सव केके06: पावापुरी महोत्सव में सीएम नीतीश कुमार। फाइल फोटो पावापुरी, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन की खबर सामने आने के बाद पावापुरी बाजार में शुक्रवार को चर्चाओं का दौर तेज रहा। स्थानीय लोगों ने कहा उनके नेतृत्व में इस धार्मिक नगरी में कई महत्वपूर्ण विकास काम हुए। पावापुरी के विकास में उनका अहम योगदान रहा। यह हमेशा यादों में दर्ज रहेगा।
उन्होंने कायापलट कर एक इतिहास लिख दिया। पावापुरी के नागरिक विशेष रूप से भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (बीमिम्स) पावापुरी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को उनकी बड़ी उपलब्धि मानते हैं। लोगों का कहना है कि इस संस्थान के शुरू होने से न केवल पावापुरी बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिली है। जैन श्वेतांबर मंदिर के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार पारसान और सचिव शांतिलाल बोथरा ने कहा कि पावापुरी जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के क्षेत्र में स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कराने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है। इसी कारण उनके राज्यसभा जाने की खबर से यहां के लोगों में भावनात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोग उनके इस अचानक के फैसले से स्तब्ध भी हैं। वहीं जदयू के जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और पूर्व पैक्स अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पावापुरी जैन धर्म का प्रमुख तीर्थ स्थल है, जो ऐतिहासिक जल मंदिर के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। दिगंबर जैन मंदिर के मानद मंत्री पराग जैन, प्रबंधक अरुण कुमार जैन, जगदीश जैन और चंदन जैन ने बताया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में इस क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिला। शहरवासियों ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी की निर्वाण स्थली पावापुरी में आयोजित होने वाला पावापुरी महोत्सव भी राज्य सरकार के प्रयासों से पहचान बना सका है। इस आयोजन को बढ़ावा देने में भी मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उप मुख्य पार्षद संजीव प्रसाद सिंह, युवा नेता पंकज सिन्हा का मानना है कि भले ही नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं, लेकिन पावापुरी के विकास में उनके योगदान को यहां के लोग हमेशा याद रखेंगे। आगे भी इस पवित्र तीर्थ नगरी के विकास और सुविधाओं पर उनका विशेष ध्यान रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


