ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा में बालू के धंधे में युवक की गोली मारकर हत्या

नालंदा में बालू के धंधे में युवक की गोली मारकर हत्या

नालंदा में बालू का अवैध धंधा खूनी खेल में बदल गया है। बेखौफ धंधेबाज किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसका उदाहरण शनिवार की सुबह मानपुर थाना क्षेत्र के छबिलापुर गांव में देखने को...

नालंदा में बालू के धंधे में युवक की गोली मारकर हत्या
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफSat, 25 Aug 2018 09:25 PM
ऐप पर पढ़ें

नालंदा में बालू का अवैध धंधा खूनी खेल में बदल गया है। बेखौफ धंधेबाज किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसका उदाहरण शनिवार की सुबह मानपुर थाना क्षेत्र के छबिलापुर गांव में देखने को मिला। बालू के धंधेबाजों ने घर में घुसकर युवक को गोली मार दी। परिजन इलाज के लिए विनोद पासवान को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग होने की सूचना है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया है। डीएम के आदेश पर मृतक के आश्रित को मुआवजा दिया गया है।

छत पर चढ़कर मार दी गोली:

परिजन ने बताया कि शुक्रवार की शाम अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को ले जाने के कारण एक धंधेबाज के साथ विनोद का विवाद हुआ था। सुबह में विनोद अपने घर की छत पर ब्रश कर रहे थे। उसी समय आरोपित दर्जनभर लोगों के साथ आया और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। बदमाशों ने छत पर चढ़कर विनोद के सीने में गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गये।

सदर अस्पताल में लगी ग्रामीणों की भीड़:

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। मौत की पुष्टि होते ही छबिलापुर व गोंगड़ीपर गांव के लोगों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने की सूचना मिली है। गांव में अफरातफरी का माहौल है। लोग दहशत से अपने घरों में बंद हैं। सूचना पाकर लहेरी थानाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। थोड़ी देर बाद एसपी अस्पताल पहुंचे। परिजन से पूछताछ के बाद उन्होंने घटनास्थल का दौरा भी किया।

पुलिस कर रही छापेमारी:-

एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि परिजन का बयान लिया गया है। अभी तक उन्होंने लिखित आवेदन नहीं दिया है। दो दिन पहले बालू के ट्रैक्टर को लेकर विवाद होने की सूचना है। उसी विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपितों की पहचान कर छापेमारी में जुट गयी है।

परिजन को दी गयी अनुदान राशि:

बिहारशरीफ। डीएम डॉ. त्यागराजन एस मोहनराम के आदेश पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने मृतक के आश्रित को अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अनुग्रह अनुदान दिया। इसके तहत कुल 8 लाख 25 हजार रुपये दिये जाते हैं। आश्रित को 4 लाख 12 हजार 500 रुपये का चेक दिया गया है। शेष 50 फीसदी राशि चार्जशीट दाखिल होने के बाद दिया जायेगा।

और कितनी लाशें गिरेंगी बालू के धंधे में:

बालू के धंधे में जिले में अबतक आधा दर्जन से अधिक लाशें गिर चुकी हैं। गोलीबारी तो आम घटना है। पिछले साल 14 फरवरी को मानपुर थाना क्षेत्र के धनुकी गांव में बालू के ही विवाद में 23 वर्षीय जवाहर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इसके बाद 30 मार्च की रात दीपनगर थाना क्षेत्र के नदियावां गांव में बालू ढोने से मना करने पर धंधेबाजों ने दो भाइयों फग्गु मांझी व श्री मांझी की गोली मारकर हत्या की थी। गोलीबारी तो आम बात है। धंधेबाजों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि पुलिस पर हमला करने से भी नहीं डरते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें