ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा के चंडी में करंट लगने से दो किसानों की मौत

नालंदा के चंडी में करंट लगने से दो किसानों की मौत

चंडी थाना क्षेत्र के रैठा गांव में शुक्रवार को करंट से दो किसानों की मौत से मातम छा गया। किसान धान के खेत में खाद डालने गये थे। पहले से गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में वे आ...

नालंदा के चंडी में करंट लगने से दो किसानों की मौत
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफFri, 21 Sep 2018 09:12 PM
ऐप पर पढ़ें

चंडी थाना क्षेत्र के रैठा गांव में शुक्रवार को करंट से दो किसानों की मौत से मातम छा गया। किसान धान के खेत में खाद डालने गये थे। पहले से गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में वे आ गये। मृतक की पहचान स्व. रामोतार महतो के पुत्र शंकर कुमार व स्व. देवशरण पासवान के पुत्र रामबली पासवान के रूप में की गयी है। दोनों की उम्र 40 के करीब है।

शंकर की पत्नी आंगनबाड़ी सेविका सुलेखा देवी ने बताया कि सुबह में ही उनके पति घेरा खंधा स्थित खेत में खाद डालने गये थे। दोपहर तक भी घर नहीं लौटे। मोबाइल पर कई बार फोन किया पर कोई उठा नहीं रहा था। तब केन्द्र की सहायिका को देखने के लिए भेजा। वहां दो लाशें पड़ी देखकर उन्होंने शोर मचाया, तब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।

फसल के कारण नजर नहीं आया तार:

ग्रामीणों की मानें तो धान की फसल के कारण तार नजर नहीं आ रहा था। रामबली अपनी खेत को देखकर लौट रहे थे। वे शंकर को देखने गये और करंट की चपेट में आ गये। दो किसानों की मौत से गांव में हाहाकार मच गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार व मुखिया मणिकांत मनीष घटनास्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। आश्रितों को पारिवारिक लाभ के तहत 20-20 हजार और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3-3 हजार रुपये दिये गये।

शंकर के घर में नही बचा कोई कमाने वाला:

शंकर के पिता की मौत कई साल पहले ही हो चुकी है। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इसके अलावा घर में पत्नी व मां हैं। अब कमाने वाला कोई नहीं बचा। शंकर खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। पत्नी व मां का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही गांव में दो युवा किसानों की मौत से लोग सदमें में है। कई घरों में शुक्रवार को चूल्हे नहीं जले।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें