ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा में दामाद ने गोली मार कर दी ससुर की हत्या

नालंदा में दामाद ने गोली मार कर दी ससुर की हत्या

सरमेरा थाना क्षेत्र के हुसेना बिगहा गांव के खंधे में सोमवार की सुबह दामाद ने गोली मारकर अपने ससुर की हत्या कर...

नालंदा में दामाद ने गोली मार कर दी ससुर की हत्या
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफMon, 22 Jul 2019 08:33 PM
ऐप पर पढ़ें

सरमेरा थाना क्षेत्र के हुसेना बिगहा गांव के खंधे में सोमवार की सुबह दामाद ने गोली मारकर अपने ससुर की हत्या कर दी। मृतक पटना जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र स्थित सरफराज नगर-कुम्हरा गांव निवासी शिवबालक यादव के पुत्र मनोहर यादव उर्फ मल्हु यादव थे। उनके पुत्र जीतू कुमार ने दामाद सहित 3 लोगों के खिलाफ थाने में हत्या की एफआईआर करायी है।

परिजनों की मानें तो दामाद अपने ससुर से दहेज की मांग कर रहा था। इसी बात पर दोनों में विवाद चल रहा था। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि मनोहर की बेटी प्रीति की शादी सत्यम से हुई थी। लेकिन, वह विदाई नहीं करा रहा था। इसी बात का विवाद चल रहा था। आरोपितों में शेखपुरा जिले के कुसुम्भा ओपी क्षेत्र स्थित लोदीपुर गांव निवासी दामाद सत्यम कुमार उर्फ लल्लू यादव, उसके पिता राजबल्लभ यादव और कुम्हरा गांव निवासी धनुषधारी यादव शामिल हैं।

धनुषधारी ने मारी गोली:

प्राथमिकी के अनुसार जीतू अपने पिता के साथ घी लाने के लिए हुसेना बिगहा गांव जा रहे थे। हरखित दास के घर के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाये तीनों आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। आरोपित पिता से गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच धनुषधारी ने कमर से पिस्तौल निकालकर मनोहर के सीने में गोली दाग दी। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।

6 साल पहले हुई थी बेटी की शादी:

मनोहर ने 6 साल पहले पुत्री प्रीति की शादी सत्यम से की थी। कुछ साल तक सबकुछ ठीक-ठाक चला। इस बीच एक बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद दामाद दहेज की मांग करने लगा। मनोहर ने उसकी कुछ मांगें पूरी भी की। इसके बाद उन्होंने पंचायती कर बेटी का घर बसाने का प्रयास किया। लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ। बेटी मायके में ही रह रही थी। कुछ महीनों से दामाद नौकरी के लिए मोटी रकम की मांग करने लगा। इसी बात पर दोनों में खुन्नस हो गयी।

हो रही छापेमारी:

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बेटे ने 3 लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर करायी है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी में जुट गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन के हवाले कर दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें