ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा के राजगीर व पावापुरी में बदमाशों ने की लूटपाट

नालंदा के राजगीर व पावापुरी में बदमाशों ने की लूटपाट

राजगीर व पावापुरी थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। राजगीर के बेलौआ मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक डीलर का रुपयों से भरा थैला उड़ा लिये। उसमें 98 हजार रुपये रखे थे।...

नालंदा के राजगीर व पावापुरी में बदमाशों ने की लूटपाट
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफTue, 12 Dec 2017 08:43 PM
ऐप पर पढ़ें

राजगीर व पावापुरी थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। राजगीर के बेलौआ मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक डीलर का रुपयों से भरा थैला उड़ा लिये। उसमें 98 हजार रुपये रखे थे। घटना मंगलवार को दिनदहाड़े हुई। इधर पावापुरी में लुटेरों ने रेलकर्मी को मारपीट कर उनकी स्कूटी छीन ली।

बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे घर-

चंडीमौ गांव निवासी डीलर बलिराम सिंह ने मंगलवार को सिलाव बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा से 49 हजार रुपये व मध्य बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से 49 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने एक जमीन खरीदने के सिलसिले में यह रुपया निकाला था। वहां से टेम्पा पकड़कर वे गिरियक-सिलाव रोड में बेलौआ मोड़ के पास उतरे और वहां से पैदल ही घर की ओर चल दिया। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आये और रुपये भरे थैले छीनकर फरार हो गये। उन्होंने चोर-चोर का शोर भी मचाया,परंतु तब तक लुटेरे आंखों से ओझल हो गये। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत राजगीर थाने में की गयी है। हालांकि राजगीर थानाध्यक्ष उदय शंकर ने किसी प्रकार की लिखित शिकायत मिलने से इनकार किया है। इधर, ग्रामीणों की माने तो यह इलाका राजगीर व सिलाव थाना की सीमा पर पड़ता है। सुनसान रहने के कारण अक्सर इस स्थान पर अपराधिक घटनाएं होती है।

रेलकर्मी से लूटी स्कूटी, मारपीट कर किया अधमरा

विजय कुमार राजगीर में रेलवे विभाग में ग्रुप-डी के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी अनुपमा देवी विम्स पावापुरी में जीएनएम हैं। सोमवार की शाम विजय राजगीर से पावापुरी अपनी पत्नी से मिलने आ रहे थे। जैसे ही वे नानंद गांव स्थित पुल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाये बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हेलमेट उतारने को कहा। बदमाशों ने उनसे नाम-पता पूछा और मारपीट करने लगे। बदमाशों ने धारदार हथियार से वार कर उन्हें जख्मी कर दिया और घायल अवस्था में छोड़कर स्कूटी लेकर फरार हो गये। लुटेरों ने उनका मोबाइल भी लूट लिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें पावापुरी थाना पहुंचाया। पुलिस ने इलाज के लिए उन्हें पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिहारशरीफ फिर पटना रेफर कर दिया गया है। ओपी प्रभारी शरद कुमार रंजन ने बताया कि इस मामले में लिखित शिकायत नहीं की गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें