ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा में शराब पकड़ने गयी पुलिस पर मुखिया ने किया हमला

नालंदा में शराब पकड़ने गयी पुलिस पर मुखिया ने किया हमला

नालंदा में शराब की सूचना पर गुरुवार की देर शाम छापेमारी करने गयी पुलिस पर मुखिया ने हमला कर दिया। मुखिया ने ट्रैक्टर से पुलिस गाड़ी में टक्कर मार...

नालंदा में शराब पकड़ने गयी पुलिस पर मुखिया ने किया हमला
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफFri, 27 Sep 2019 08:53 PM
ऐप पर पढ़ें

नालंदा में शराब की सूचना पर गुरुवार की देर शाम छापेमारी करने गयी पुलिस पर मुखिया ने हमला कर दिया। मुखिया ने ट्रैक्टर से पुलिस गाड़ी में टक्कर मार दी। गाड़ी पर बैठे थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचायी। छानबीन में पचलोवा पंचायत के मुखिया संजीव कुमार की दो गाड़ियों से 16 कार्टन शराब बरामद की गयी है। हालांकि, इस बीच मुखिया पुलिस को चकमा देकर भागने मे कामयाब हो गया। घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के चौरामा गांव में हुई।

पुलिस ने मुखिया का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से 15 कार्टन और मारुति कार से एक कार्टन शराब बरामद की। पुलिस ने स्कॉर्पियो, मारुति व ट्रैक्टर जब्त किया है। फरार मुखिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें मुखिया द्वारा शराब के ठिकाने लगाये जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर वहां पहुंचे तो हमला कर दिया। मुखिया की गाड़ी से ही शराब बरामद की गयी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

रास्ते में ही मुखिया ने कर दिया हमला:

शराब के धंधे की सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ चौरामा गांव छापेमारी करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में दूर से ही मुखिया ने पुलिस गाड़ी को देख लिया। वह ट्रैक्टर चलाता हुआ आया और सीधा पुलिस गाड़ी में धक्का मार दिया। गाड़ी पर बैठे पुलिसकर्मियों को पहले ही इसका आभास हो गया था। सभी गाड़ी छोड़कर कूद गये। धक्के से पुलिस गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

पास में ही ढंक कर रखी थीं दो गाड़ियां:

धक्का मारने के बाद पुलिस वालों ने मुखिया को घेर लिया। सूत्रों की मानें तो थानाध्यक्ष ने मुखिया से जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी। उन्होंने मुखिया से कहा कि आपने धक्का क्यों मारा। मुखिया बहाने बनाने की कोशिश करने लगा। वहां पास में ही दो गाड़ियां थीं जो कवर से ढंककर रखी गयी थीं। पुलिस ने मुखिया से पूछा कि किसकी गाड़ी है। उसने बताया कि उसकी गाड़ी है। खोलकर दिखाने को कहा तो मुखिया टालमटोल करने लगा। शक होने पर पुलिस वाले गाड़ी की तलाशी लेने लगे। मौके का फायदा उठाकर मुखिया वहां से फरार हो गया।

कई ब्रांड की शराब हुई बरामद:

तलाशी के दौरान दोनों गाड़ियों से 750 और 375 एमएल की 200 से अधिक बोतलें बरामद हुईं। इनमें कई ब्रांडों की शराब थी। इधर, शोरगुल सुनकर कई ग्रामीण भी वहां जुट गये। लोगों के सामने पुलिस ने शराब व तीनों गाड़ियों को जब्त कर लिया। एक गाड़ी में मुखिया का नेम प्लेट लगा हुआ है। शुक्रवार को पूरे प्रखंड में इस घटना की चर्चा होती रही।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें