ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा: कांवरिया बस के खलासी की मौत

नालंदा: कांवरिया बस के खलासी की मौत

नालंदा में शनिवार को कांवरियों से भरी बस के खलासी की संदेहास्पद मौत हो गयी। बस पटना से कांवरियों को लेकर देवघर गयी थी। वहां से रजरप्पा गयी थी। रजरप्पा से राजगीर लौटने के दौरान खलासी की तबीयत बिगड़...

नालंदा: कांवरिया बस के खलासी की मौत
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफSat, 18 Aug 2018 09:03 PM
ऐप पर पढ़ें

नालंदा में शनिवार को कांवरियों से भरी बस के खलासी की संदेहास्पद मौत हो गयी। बस पटना से कांवरियों को लेकर देवघर गयी थी। वहां से रजरप्पा गयी थी। रजरप्पा से राजगीर लौटने के दौरान खलासी की तबीयत बिगड़ गयी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से बिहारशरीफ रेफर किया गया। सदर अस्पताल लाने के दौरान ही उसकी मौत हो गयी। बस के चालक का कहना है कि दोनों ने झारखंड में शराब पी थी।

हालांकि पुलिस इसे बीमारी से हुई मौत बता रही है। सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया गया है। मृतक की पहचान पटना के मैनपुरा निवासी जयप्रकाश साव के 40 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में की गयी है। पुलिस ने शराब के नशे में धुत चालक पटना के मैनपुरा-एलसीडी घाट निवासी विजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

30 कांवरियों का दल गया था देवघर :

चालक ने बताया कि पटना के दानापुर से 30 कांवरियों का दल देवघर गया था। वहां से बासुकीनाथ, तारापीठ व अन्य तीर्थ स्थान होते हुए शुक्रवार की रात रजरप्पा पहुंचे। शनिवार की सुबह वहां से लौटने के दौरान चालक, खलासी के अलावा कुछ अन्य लोगों ने भी रामगढ़ में देसी शराब पी। रजरप्पा से राजगीर आने के दौरान खलासी उल्टी करने लगा। उसकी तबीयत इतनी बिगड़ गयी कि राजगीर पहुंचते ही वह बस से नीचे लुढ़क गया।

बिहार थाने की पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम :

बस से नीचे गिरते ही यात्री स्थानीय लोगों की मदद से उसे लेकर राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। बिहारशरीफ लाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। सूचना पाकर बिहार थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। डीएसपी निशीत प्रिया भी जानकारी पाकर सदर अस्पताल पहुंचीं और चालक से पूछताछ की। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बीमारी से हुई मौत :

डीएसपी निशीत प्रिया ने बताया कि उन्होंने राजगीर व बिहारशरीफ अस्पतालों के डॉक्टरों से पूछताछ की है। मृतक पहले से ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। शराब पीने से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। राजगीर थाने की पुलिस को बस के यात्रियों से पूछताछ के लिए कहा गया है। बिहार थानाध्यक्ष केशव कुमार मजूमदार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बीमारी से मौत होने की बात सामने आयी है। बस राजगीर में खड़ी है। उसपर सवार यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें