ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा: भाजपा समर्थित सरकारों ने ही लागू किया आरक्षण-राजेन्द्र

नालंदा: भाजपा समर्थित सरकारों ने ही लागू किया आरक्षण-राजेन्द्र

आरक्षण के नाम पर भाजपा का विरोध करने वाले लोग शायद यह नहीं जानते कि भाजपा की या इसके समर्थन से बनी सरकारों ने ही आरक्षण को लागू करवाया। इसलिए विरोधी जनता में भ्रम फैलाना बंद...

नालंदा: भाजपा समर्थित सरकारों ने ही लागू किया आरक्षण-राजेन्द्र
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफSun, 05 Aug 2018 09:16 PM
ऐप पर पढ़ें

आरक्षण के नाम पर भाजपा का विरोध करने वाले लोग शायद यह नहीं जानते कि भाजपा की या इसके समर्थन से बनी सरकारों ने ही आरक्षण को लागू करवाया। इसलिए विरोधी जनता में भ्रम फैलाना बंद करें। ये बातें भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र प्रसाद ने रविवार को राजगीर में पिछड़ा-अतिपिछड़ा महासम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद कहीं। सम्मेलन में उमड़ी लोगों की भीड़ से गदगद प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि पहली बार पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज में ऐसी एकजुटता दिख रही है। इससे पहले अतिथियों ने कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गयी। अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया गया।

भाजपा ने ही देश में लागू करवाया आरक्षण:-

राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि 1952 में जब आरक्षण लागू हुआ तब श्यामा प्रसाद मुखर्जी केन्द्र में मंत्री थे। मंडल कमीशन के गठन के समय भाजपा समर्थित वीपी सिंह की सरकार थी। बिहार में एनडीए की सरकार ने पहली बार पंचायती व्यवस्था में आरक्षण लागू किया। इसमें अतिपिछड़ों के लिए अलग से कोटा बनाया गया। अभी हाल ही में भाजपा की केन्द्र सरकार ने अध्यादेश लाकर एससी/एसटी एक्ट को बहाल करवाया। विरोधियों के पास विरोध का कोई मुद्दा नहीं है तो आरक्षण खत्म होने का भय दिखाकर गरीबों में भ्रम फैलाया जा रहे हैं। वोट की राजनीति करने और परिवारवाद को बढ़ावा देने वाले ही ऐसी बातें कर रहे हैं।

अटल जी ने देखा हर गांव को सड़क से जोड़ने का सपना:-चौधरी

पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के 50 से अधिक सालों के शाषणकाल में विकास का कोई काम नहीं हुआ। अटल जी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने गांवों को सड़क से जोड़ने का सपना देखा। कश्मीर से कन्याकुमारी और आसाम से गुजरात तक पूरा देश जुड़कर अखंड भारत बनाने का सपना। नरेन्द्र मोदी इसे बखूबी पूरा करने में लगे हैं। 80 फीसदी से अधिक गांव सड़क से जुड़ गये हैं। 31 दिसम्बर 2020 तक 100 फीसदी पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

नहीं टूटे हैं तेजस्वी के दूध के दांत: एमएलसी

राजद नेता तेजस्वी यादव के बारे में पूछने पर एमएलसी नवल किशोर यादव ने मीडियाकर्मियों से कहा कि वह तो कुछ भी कहते हैं। उनके तो अभी दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम ने हर वर्ग के विकास के लिए कुछ न कुछ किया है। समृद्ध भारत व समृद्ध किसान का सपना पूरा करने की हर कोशिश हो रही है।

खराब मौसम के बाद भी जुटी भीड़:-

सम्मेलन के दौरान पूरे समय तक बूंदाबांदी होती रही। खराब मौसम के बावजूद काफी भीड़ जुटी। राजगीर का इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर खचाखच भर गया। काफी लोग बाहर भी घूम रहे थे। सम्मेलन के आयोजन में मुख्य भूमिका निभाने वाले भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन काफी खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि आज तक उपेक्षित रहे इस समाज का उत्साह देखते ही बनता है। यह एकजुटता समाज के लिए शुभ संकेत है। लेकिन इसे बनाये रखना होगा। एकता से ही सम्मान हासिल हो सकता है। पिछड़ा-अतिपिछड़ा अलग-अलग नहीं एक है। इस संदेश की शुरुआत नालंदा से हो चुकी है। इसे पूरे राज्य में फैलाया जायेगा। उन्होंने स्वागत भाषण देते हुये आगंतुक अतिथियों, कार्यकर्ताओं व लोगों को धन्यवाद दिया।

ये भी थे मौजूद:-

मंच का संचालन जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह व श्याम किशोर भारती ने किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयनाथ चौहान, महामंत्री शम्भू कुमार पटेल, उपाध्यक्ष रामानंद प्रसाद, कोषाध्यक्ष जेपी चन्द्रवंशी, जिला प्रभारी नवीन केसरी, बांका जिला प्रभारी कृष्ण मोहन शर्मा, जमुई जिला प्रभारी अचल कुमार सिन्हा, राजेश्वर सिंह, वीरेन्द्र गोप, छोटे मुखिया, कंचन कुमारी, रीना कुमारी, शैलेन्द्र कुमार, सुधीर कुमार, अविनाश मुखिया, अनिरुद्ध कुमार, सूरज चंद्रवंशी, मनोज कुमार चौधरी, विश्वजीत कुमार बंटी, अरशद करीम, रवि मंडल, प्रबीला देवी, कुमार प्रियरंजन, अरुण कुमार आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें