ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बिहारशरीफनालंदा में शराब पिलाकर काट दिया युवक का गला

नालंदा में शराब पिलाकर काट दिया युवक का गला

नालंदा में शराब पिलाकर मंगलवार की रात बदमाशों ने युवक का गला रेत दिया। शव बुधवार की सुबह सरमेरा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव के पास मसूर की खेत से बरामद की...

नालंदा में शराब पिलाकर काट दिया युवक का गला
हिन्दुस्तान टीम,बिहारशरीफWed, 08 Jan 2020 09:01 PM
ऐप पर पढ़ें

नालंदा में शराब पिलाकर मंगलवार की रात बदमाशों ने युवक का गला रेत दिया। शव बुधवार की सुबह सरमेरा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव के पास मसूर की खेत से बरामद की गयी। मृतक बिंदे केवट का 20 वर्षीय पुत्र गुड्डू केवट है। हत्या का कारण साग तोड़ने का विवाद बताया जा रहा है। हत्या की सूचना पाकर एसपी निलेश कुमार, थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।

मृतक के भाई दिलीप केवट ने दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर करायी है। घटनास्थल के पास से शराब के पाउच और खाली गिलास मिले हैं। परिजन का आरोप है कि बदमाशों ने शराब पिलाकर गुड्डू का गला काट दिया। शव को जब्त कर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लायी। यहां परिजन ने हंगामा करते हुए पुलिस को खदेड़ दिया। बाद में बिहार व लहेरी थाना की पुलिस भारी संख्या में सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

घर से बुलाकर ले गये थे आरोपित:

प्राथमिकी के अनुसार मंगलवार को गुड्डू खेत में साग तोड़ रहा था। उसी समय वंशी बिगहा गांव निवासी कारू यादव से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद शाम में कारू व गांव का ही मौली केवट उसे घर से बुलाकर ले गये। काफी देर बाद भी गुड्डू नहीं लौटा तब परिजन खोजने लगे। सुबह में ग्रामीण ने खेत में पड़ी लाश देखी। शराब और गिलास मिलने के बाद परिजन का आरोप है कि शराब पिलाने के बाद उसका गला काटा गया। चेहरे पर भी जख्म के निशान मिले हैं।

पुलिस से की नोकझोक:

शव की सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर गयी। वहां पुलिस के साथ सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गये। अस्पताल में परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा करने लगे। नोकझोक कर पुलिस को खदेड़ दिया। सूचना पाकर बिहार व लहेरी थाना की पुलिस पहुंच गयी। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करा शव परिजन के हवाले किया गया।

6 माह का बेटा हुआ अनाथ:

गुड्डू छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी सरिता देवी रोते-रोते बेसुध हो गयी थी। 6 माह के बेटे को परिवार की अन्य महिलाएं संभालने का प्रयास कर रही थी। घटनास्थल पर महिलाओं की चित्कार से माहौल गूंज रहा था।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी:

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर करायी गयी है। शव परिजन के हवाले कर दिया गया है। हत्या का कारण साग तोड़ने का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें