माटी मित्र केंद्र : किसानों के उत्पादों को मिट्टी से सीधे रसोई तक पहुंचने की नई पहल

Jan 13, 2026 10:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बिहारशरीफ
share Share
Follow Us on

पावापुरी में सूबे का पहला माटी मित्र केंद्र खोला जाएगा, जहां किसानों को भंडारण से लेकर बाजार तक की सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल किसानों को बिचौलियों से छुटकारा दिलाएगी और उन्हें अधिक मुनाफा कमाने में मदद करेगी। केंद्र पर होम डिलीवरी और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध होगी।

माटी मित्र केंद्र : किसानों के उत्पादों को मिट्टी से सीधे रसोई तक पहुंचने की नई पहल

माटी मित्र केंद्र : किसानों के उत्पादों को मिट्टी से सीधे रसोई तक पहुंचने की नई पहल पावापुरी में आज खुलेगा सूबे का पहला माटी मित्र केंद्र किसानों को भंडारण से लेकर बाजार तक की मिलेगी सुविधा लोगों को कम पैसे में मिलेंगी सब्जियां, किसानों को होगा अधिक मुनाफा बिचौलियों से किसानों को मिलेगा छुटकारा फोटो : माटी केंद्र : पावापुरी का माटी केंद्र। बिहारशरीफ, निज संवाददाता। नगर पंचायत पावापुरी में बुधवार को सूबे का पहला माटी मित्र केंद्र खुलेगा। यहां किसानों को भंडारण से लेकर बाजार तक की सुविधा मिलेगी। किसानों के उत्पादों को मिट्टी से सीधे रसोई तक पहुंचने की यह नई पहल है।

लोगों को कम पैसे में सब्जियां व अन्य उत्पाद मिलेंगे, वहीं किसानों को अधिक मुनाफा होगा। बिचौलियों से किसानों को छुटकारा मिलेगा। किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार और उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ने में यह माटी मित्र केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह केंद्र भारत सरकार कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा अनुमोदित है। यह नाबार्ड द्वारा भी स्वीकृत है। माटी मित्र केंद्र का उद्देश्य किसानों को मिट्टी से रसोई तक हर कदम पर सहयोग देना है। ताकि उनकी पैदावार का उचित मूल्य, भंडारण और विपणन (बाजार) की सुविधा मिल सके। इस केंद्र पर किसानों के लिए कई अन्य उपयोगी सेवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी। परामर्श के साथ सब्जियों की होम डिलीवरी तक की होगी व्यवस्था : केंद्र पर किसान परामर्श एवं फसल सलाह ले सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं उन्हें अपने उत्पादों के भंडारण के लिए रियायती दरों पर कोल्ड रूम की सुविधा, फल एवं सब्जियों की होम डिलीवरी, साथ ही वसुधा केंद्र और अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय किसानों को न केवल तकनीकी मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि वे अपनी उपज को सुरक्षित रखकर बेहतर दाम भी पा सकेंगे। केंद्र संचालक प्रो. अमित कुमार ने कहा कि वे लंबे समय से ग्रामीण विपणन और कृषि प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। किसानों और उपभोक्ताओं को इस केंद्र से काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि शुरुआती में पावापुरी के चारों तरफ पांच किलोमीटर एरिया में लोगों को सेवा दी जाएगी। शादी विवाह जैसे आयोजनों में एक साथ अधिक आर्डर देने पर दूर तक लोगों को यह सेवा उपलब्ध करायी जाएगी। इसके लिए कोई भी किसान या उपभोक्ता 8969999271 नंबर से संपर्क कर सकते हैं। स्थानीय किसानों ने माटी मित्र केंद्र की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पावापुरी और आसपास के क्षेत्रों में कृषि को नई दिशा मिलेगी। किसानों की बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी। यह केंद्र नालंदा जिले के किसानों के लिए एक भरोसेमंद सहयोगी के रूप में उभरेगा। 45 दिन के प्रशिक्षण के बाद कोई भी युवा खोल सकते हैं केंद्र, दी जाएगी तकनीकी मदद : जीव विज्ञान से स्नातक पास या कृषि से बीटेक किए कोई भी युवा यह केंद्र खोल सकते हैं। इसके लिए वे एसी एबीसी एग्री बिजनेस सेंटर पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहां सारी जानकारी देने के बाद आवेदन स्वीकृत होने पर युवा को पूसा कृषि विश्वविद्यालय में 45 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए वे लोन भी ले सकते हैं। 20 लाख रुपए तक के लोन पर सामान्य वर्ग के आवेदकों को 36 फीसदी तो एससी, एसटी और महिलाओं को 44 फीसदी तक अनुदान मिलेगा। 11 युवाओं को मिलेगा रोजगार : इस केंद्र पर फिलहाल दो युवाओं को रोजगार मिला है। प्रो. अमित कुमार ने कहा कि पहले चरण में यह केंद्र बुधवार से काम करने लगेगा। इससे आसपास के 50 हजार से अधिक किसानों को लाभ होगा। चरणबद्ध तरीके से इस केंद्र का विस्तार किया जाएगा। इस साल के अंत तक यह पूरी तरह से काम करने लगेगा। तब इस केंद्र पर 11 युवाओं को रोजगार मिलेगा। ये युवा लोगों की रसोई तक उत्पादों को पहुंचाने के साथ ही केंद्र पर ऑनलाइन सेवाएं किसानों को उपलब्ध करेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।