Hindi NewsBihar NewsBiharsharif NewsGovernment School Students Showcase Science and Math Skills at District Fair
विज्ञान और गणित में हुनर दिखाएंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे, डायट में लगेगा मेला

विज्ञान और गणित में हुनर दिखाएंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे, डायट में लगेगा मेला

संक्षेप:

बिहार के सरकारी स्कूलों के कक्षा 6 से 8 के छात्र-छात्राएं 5 से 23 जनवरी तक नूरसराय में विज्ञान और गणित की प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। चयनित सर्वश्रेष्ठ दो मॉडल 26 फरवरी को पटना में राज्य स्तरीय मेले में भाग लेंगे। प्रदर्शनी में पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल अनिवार्य होगा।

Jan 04, 2026 10:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बिहारशरीफ
share Share
Follow Us on

विज्ञान और गणित में हुनर दिखाएंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे, डायट में लगेगा मेला 5 से 23 जनवरी के बीच आयोजित होगी जिला स्तरीय प्रदर्शनी हर प्रखंड से चयनित विज्ञान और गणित के एक-एक मॉडल का होगा प्रदर्शन जिले के दो सर्वश्रेष्ठ मॉडल 26 फरवरी को पटना में होने वाले राज्य स्तरीय मेले में लेंगे हिस्सा प्लास्टिक और थर्माकोल पर रोक, दैनिक जीवन की समस्याओं का हल बताएंगे छात्र बिहारशरीफ, हमारे संवाददाता। जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से आठ के छात्र-छात्राएं अब विज्ञान और गणित के मॉडलों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने जिले में विज्ञान और गणित की प्रदर्शनी आयोजित करने का निर्देश दिया है।

जिला स्तरीय मेला 5 से 23 जनवरी के बीच नूरसराय स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित किया जाएगा। मेले में भीड़ जुटाने की बजाय गुणवत्ता पर फोकस रहेगा। निर्देश के मुताबिक, जिले के सभी 20 प्रखंडों से विज्ञान और गणित का केवल एक-एक सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट ही जिला स्तरीय मेले में शामिल होगा। इसका मतलब हर प्रखंड से दो टीमें (एक विज्ञान, एक गणित) डायट पहुंचेंगी। इन मॉडलों का चयन प्रखंड स्तर पर किया जाएगा। इसमें उन स्कूलों को प्राथमिकता मिलेगी जहां प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम अच्छे से चल रहा है। दैनिक जीवन की चुनौतियों का देंगे हल: इस प्रदर्शनी में किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि व्यावहारिक सोच की परीक्षा होगी। छात्रों को ऐसे मॉडल बनाने होंगे जो दैनिक जीवन की चुनौतियों या सामाजिक समस्याओं का समाधान करते हों। मॉडल बनाने में इको-फ्रेंडली (पर्यावरण अनुकूल) सामग्री का ही इस्तेमाल करना होगा। थर्माकोल या प्लास्टिक जैसी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली चीजों के इस्तेमाल पर सख्त रोक रहेगी। पटना में होगा राज्य स्तरीय मेला: जिला स्तरीय मेले में चयनित सर्वश्रेष्ठ दो प्रोजेक्ट्स को राज्य स्तरीय मेले में भेजा जाएगा। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी 26 फरवरी को पटना के महेंद्रू स्थित एससीईआरटी परिसर में होगी। वहां जाने वाले छात्रों और उनके मार्गदर्शक शिक्षक के आने-जाने का खर्च विभाग उठाएगा। मेले के सफल आयोजन की जिम्मेदारी डायट को दी गई है। मूल्यांकन के लिए डायट के प्राचार्य, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और विषय विशेषज्ञों की एक टीम बनेगी जो सरलता, रचनात्मकता और प्रभाव के आधार पर विजेताओं का चयन करेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;