नालंदा विश्वविद्यालय, आसपास के विद्यालयों से बढ़ा रहा संवाद
सहभागिता संवाद की चौथी बैठक में शैक्षणिक विषयों पर हुई चर्चा नालंदा विश्वविद्यालय, आसपास के विद्यालयों से बढ़ा रहा संवाद नालंदा विश्वविद्यालय, आसपास के विद्यालयों से बढ़ा रहा संवाद

सहभागिता संवाद की चौथी बैठक में शैक्षणिक विषयों पर हुई चर्चा फोटो : नालंदा यूनिवर्सिटी-नालंदा विश्वविद्यालय में मंगलवार को सहभागिता संवाद की चौथी बैठक में शामिल लोग। राजगीर, निज प्रतिनिधि। नालंदा विश्वविद्यालय में मंगलवार को सहभागिता संवाद की चतुर्थ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय और आसपास के विद्यालयों के बीच संवाद, सहयोग एवं साझा शैक्षणिक पहलों को सुदृढ़ करना रहा। इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने की। इसमें डॉ. भीमराव आम्बेडकर विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, आरडीएच हाई स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, मिडिल स्कूल्र जत्ती सहित कुल आठ निकटवर्ती विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय और विद्यालयों के संयुक्त प्रयासों से सहभागिता को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में कई ठोस कदम उठाए जाएंगे। इन पहलों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यालयों को नौ से 13 जनवरी के बीच नालंदा विश्वविद्यालय में होने वाले हिंदी सम्मेलन एवं थिंक टैंक्स सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण दिया। कहा कि डीईओ के सुझाव पर शिक्षकों एवं विद्यालयों के लिए अभिलेख प्रबंधन (रिकॉर्ड कीपिंग) पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पड़ोसी विद्यालयों के लिए विश्वविद्यालय पुस्तकालय की सुविधा को सुदृढ़ करने तथा शीघ्र ही एक मूर्तिकला कार्यशाला आयोजित किए जाने की जानकारी दी। डीएओ आनंद विजय ने जीविका दीदियों के कौशल विकास से जुड़ी संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए और बताया कि इससे प्रारंभिक तौर पर विद्यालयों के लिए यूनिफॉर्म तैयार करने जैसे कार्यों में सहयोग मिल सकता है। बैठक के दौरान हिंदी भाषा में प्रकाशित न्यूज़लेटर ‘सहभागिता संवाद समाचार’ का विमोचन किया गया। इसके प्रथम अंक में डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है। मौके पर आम्बेडकर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन, सहभागिता समन्वयक डॉ. प्रांशु समदर्शी आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




