बस की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत
बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आकर 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला शांति देवी की मौत हो गई। महिला दवा लाने निकली थीं, तभी बस ने उन्हें कुचल दिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिहारशरीफ, एक संवाददाता। दीपनगर थाना क्षेत्र के राजगीर-बिहारशरीफ मार्ग पर कोसुक गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान परमेश्वर ठाकुर की 72 वर्षीया पत्नी शांति देवी के रूप में की गयी। मृतका के पोते साजन कुमार ने बताया कि उनकी दादी घर से दवा लाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान बस तेज गति से आई और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर बस की पहचान कर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




