Hindi NewsBihar NewsBiharsharif NewsCyber Fraud Uncovered Police Arrests Accused from Barbigha with Transactions Over 44 Lakhs
साइबर ठगी का खुलासा, बरबीघा से एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा

साइबर ठगी का खुलासा, बरबीघा से एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा

संक्षेप:

साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बरबीघा से एक आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते से छह माह में 44 लाख से अधिक का लेनदेन हुआ है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 28 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक निजी कंपनी के निर्देश पर धोखाधड़ी में शामिल था।

Jan 04, 2026 10:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बिहारशरीफ
share Share
Follow Us on

साइबर ठगी का खुलासा, बरबीघा से एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा आरोपी के खाते से छह माह में 44 लाख से अधिक का ट्रांजेक्शन साइबर थाने के डीएसपी ने कहा, कई राज्यों से जुड़े हैं ठगी के तार शेखपुरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाने की पुलिस ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार को साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि एचडीएफसी बैंक की बरबीघा शाखा के प्रबंधक द्वारा एक संदिग्ध खाते की जांच के लिए आवेदन दिया गया था। जांच के दौरान उक्त खाते के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाई गईं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए बरबीघा थाना क्षेत्र के मालदाह गांव निवासी राजो महतो के पुत्र संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते से करीब 10 लाख रुपये की संदिग्ध राशि का लेनदेन किया गया था। इतना ही नहीं पिछले छह माह में खाते से कुल लगभग 44 लाख 47 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। आरोपी के खाते के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना से कुल 28 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। इसके अलावा कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ साइबर क्राइम थाना में भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक निजी कंपनी के निर्देश पर अपने खाते में आने वाली राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर करता था, जिसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था। आरोपी के मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं, जिससे साइबर फ्रॉड में उसकी संलिप्तता स्पष्ट हुई है। आरोप के नाम पर छह बैंक खाते: जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के नाम से कुल छह अलग-अलग बैंक खाते संचालित थे। एचडीएफसी बैंक के अलावा पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बंधन बैंक के दो खाते, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक के खातों के विरुद्ध भी विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की कई शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी के मोबाइल नंबर के विरुद्ध तेलंगाना राज्य से भी साइबर फ्रॉड की शिकायत पाई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है और संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साइबर डीएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था के संदेशों का जवाब न दें और अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।