Biharsharif News: रेडियोलॉजिस्ट का तबादला, शेखपुरा सदर और बरबीघा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप
Biharsharif News: शेखपुरा सदर अस्पताल और बरबीघा रेफरल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के स्थानांतरण के कारण अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवाएं ठप हो गई हैं। मरीज महंगे निजी अस्पतालों में जाने को मजबूर हैं, जिससे गरीबों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने नई भर्ती की मांग की है।

Biharsharif News: रेडियोलॉजिस्ट का तबादला, शेखपुरा सदर और बरबीघा रेफर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप निजी क्लीनिकों की शरण में जाने को मजबूर मरीज, गरीबों पर पड़ा अतिरिक्त आर्थिक बोझ स्वास्थ्य विभाग ने राज्य मुख्यालय को भेजा त्राहिमाम पत्र, नए डॉक्टर की जल्द तैनाती की मांग शेखपुरा, हिन्दुस्तान संवाददाता।
स्वास्थ्य सेवाओं का संकट
शेखपुरा सदर अस्पताल और बरबीघा रेफरल अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अचानक बाधित हो गई हैं। जिले में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार का स्थानांतरण गया जी जिले में हो जाने के कारण, दोनों प्रमुख अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जांच सेवा पूरी तरह से बंद हो गई है। मरीजों को बिना जांच कराए बैरंग लौटना पड़ रहा है।
एक डॉक्टर पर निर्भरता
एक डॉक्टर के भरोसे चल रहे थे दो अस्पताल: सदर अस्पताल और रेफरल अस्पताल की जांच व्यवस्था केवल एक ही रेडियोलॉजिस्ट के भरोसे चल रही थी। डॉ. पवन कुमार सप्ताह में दो दिन शेखपुरा और दो दिन बरबीघा में अपनी सेवाएं देते थे। इससे के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज जांच कराने पहुंचते थे।
आर्थिक बोझ और परेशानियां
निजी जांच केंद्रों पर लुटने को मजबूर मरीज सरकारी अस्पतालों में जांच सेवा बंद होने से मरीजों विशेषकर गर्भवती महिलाओं और गरीब तबके के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों और प्राइवेट जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर बेवजह अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
नया डॉक्टर और सेवाओं की बहाली
नया डॉक्टर आते ही बहाल होगी सेवा: रेडियोलॉजिस्ट की कमी से उत्पन्न इस गंभीर संकट को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने राज्य स्वास्थ्य मुख्यालय को त्राहिमाम पत्र भेजकर अविलंब नये रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने की मांग की है। सदर अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार ने बताया कि जैसे ही नए डॉक्टर योगदान देंगे, अल्ट्रासाउंड जांच सेवा दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी। (शेखपुरा से संजय कुमार मेहता)


