Biharsharif News: नगर निगम में एक ही कुर्सी पर सालों से कर्मी, पार्षद ने उठाया भ्रष्टाचार का मुद्दा
Biharsharif News: नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षद पप्पू यादव ने कई वर्षों से एक ही पद पर कर्मियों की तैनाती पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यों की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया। इसी बीच शहर के विकास के लिए 11 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई। नई स्ट्रीट लाइटें और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का निर्णय लिया गया।

Biharsharif News: नगर निगम में एक ही कुर्सी पर सालों से कर्मी, पार्षद ने उठाया भ्रष्टाचार का मुद्दा हर तीन साल में बदलना है कार्य टेबल, फिर भी वर्षों से जमे कर्मियों पर सवाल बोर्ड ने 11 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी 17 हाईमास्ट और 1211 स्ट्रीट लाइटों की होगी मरम्मत, तो 5000 नयी स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय फोटो: मेयर मीटिंग : नगर निगम सभागार में शनिवार को बोर्ड की बैठक में मेयर अनीता देवी, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, उपमेयर आईशा शाहीन व अन्य। बिहारशरीफ, निज प्रतिनिधि।
भ्रष्टाचार का मुद्दा
नगर निगम में कई वर्षों से एक ही पद और कार्य टेबल पर कर्मियों की तैनाती का मामला शनिवार को नगर निगम बोर्ड की बैठक में जोरदार ढंग से उठा। वार्ड पार्षद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि निर्धारित अवधि के बावजूद कर्मियों का कार्य नहीं बदले जाने से मनमानी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से लेकर म्यूटेशन तक के कार्य समय पर नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। वहीं, मेयर अनीता देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के विकास के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गयी। प्रत्येक वार्ड में 16 से 22 लाख रुपये तक से गलियों और नालियों का निर्माण व जीर्णोद्धार कराया जायेगा।
शहर की प्रकाश व्यवस्था
17 हाईमास्ट व 1211 स्ट्रीट लाइट होंगी दुरुस्त : शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए खराब 17 हाईमास्ट और 1211 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की स्वीकृति दी गयी। इसके साथ ही, पांच हजार नयी स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। प्रमुख सड़कों के किनारे फ्लैंक में पेवर ब्लॉक लगाने और वार्डों में बूस्टर बोरिंग स्टैंड पोस्ट बनाने पर भी सहमति बनी।
आउटसोर्सिंग एजेंसी की जांच
आउटसोर्सिंग एजेंसी पर कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई की राशि समय पर जमा नहीं करने के आरोपों की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गयी। बोर्ड ने प्रॉपर्टी टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली, ट्रेड लाइसेंस शुल्क तथा सरकारी भवनों से प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने का भी निर्देश दिया। आगामी ठंड को देखते हुए नगर निगम पांच हजार कंबल खरीदेगा। इसकी प्रक्रिया अभी से शुरू करने पर सहमति बनी।
संविधान और तिरंगा लेकर पहुंचे पार्षद
संविधान और तिरंगा लेकर पहुंचे पार्षद : नगर निगम अधिकारियों के कार्यों के विरोध में पार्षद पप्पू यादव संविधान की प्रति और तिरंगा लेकर बैठक में पहुंचे। उनके साथ कुछ अन्य पार्षद और प्रतिनिधि भी थे। उन्होंने कहा कि निगम में सभी कार्य संविधान के दायरे में होने चाहिए। उन्होंने पिछली बोर्ड बैठक से बाहर किये जाने के दौरान पुलिस बुलाये जाने के प्रावधान पर भी सवाल उठाया। बैठक में संबंधित अधिकारी द्वारा क्षमा मांगे जाने की सूचना है। बैठक में नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, उपमेयर आईशा शाहीन, उपनगर आयुक्त शम्स रजा, सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा, स्वच्छता मैनेजर कुंदन कुमार, विनय कुमार समेत वार्ड पार्षद और निगमकर्मी मौजूद थे।

