Biharsharif News: राशि के अभाव में प्लस टू स्कूल का भवन निर्माण अटका
Biharsharif News: हरनौत के सरथा पंचायत में लगभग दो वर्षों से निर्माणाधीन प्लस टू विद्यालय का भवन 90 फीसदी काम होने के बाद भी तैयार नहीं हुआ है। राशि आवंटन के अभाव में काम रुक गया है, जिससे 350 छात्रों को शिक्षा देने में समस्या आ रही है। विद्यालय संचालन दो कमरों में हो रहा है।

Biharsharif News: राशि के अभाव में प्लस टू स्कूल का भवन निर्माण अटका 90 फीसदी से अधिक काम पूरा, अंतिम चरण में निर्माण बंद दो कमरों में 350 विद्यार्थियों की पढ़ाई फोटो : सरथा स्कूल: हरनौत के सरथा गांव में निर्माणाधीन स्कूल भवन। हरनौत, निज संवाददाता। हरनौत प्रखंड की सरथा पंचायत में करीब दो वर्षों से निर्माणाधीन प्लस टू उच्च विद्यालय का तीन मंजिला भवन अब भी विद्यार्थियों के लिए तैयार नहीं हो सका है। भवन का 90 फीसदी से अधिक काम पूरा होने के बावजूद राशि का आवंटन नहीं होने से अंतिम चरण में निर्माण रुक गया है। भवन में फाइनल पेंटिंग, बिजली का काम और पंखे लगाने समेत कुछ कार्य ही शेष हैं। काम पूरा नहीं होने का खामियाजा विद्यालय के करीब 350 छात्र-छात्राओं को उठाना पड़ रहा है।
विद्यालय की वर्तमान स्थिति
दो कमरों में चल रही प्लस टू की पढ़ाई : वर्तमान में प्लस टू उच्च विद्यालय का संचालन सरथा मध्य विद्यालय के परिसर में हो रहा है। यहां महज दो कमरों में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश कुमार ने बताया कि विद्यालय में करीब 350 विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि प्रतिदिन 100 से अधिक विद्यार्थी पहुंचते हैं। सीमित जगह में कक्षाएं चलाने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि नए भवन में विद्यालय को स्थानांतरित करने के लिए शिक्षा विभाग को कई बार पत्र भेजा गया है, लेकिन अब तक भवन हस्तांतरित नहीं किया गया है।
निर्माण की स्थिति
अंतिम चरण में पहुंचकर बंद हुआ काम : पंचायत समिति सदस्य राणा शैलेश सिंह और प्रधानाचार्य डॉ. ओम प्रकाश कुमार ने निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया। राणा शैलेश सिंह ने कहा कि करीब दो साल पहले शुरू हुआ निर्माण अब लगभग पूरा हो चुका है। राशि के अभाव में काम रुकने से विद्यार्थियों को नये भवन का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने शेष राशि जल्द आवंटित कर निर्माण पूरा कराने और भवन को शिक्षा विभाग को हैंडओवर करने की मांग की।
निर्माण लागत और अन्य मांगें
दो करोड़ की लागत से बन रहा भवन : संवेदक सोनू सिंह ने बताया कि करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला भवन बनाया जा रहा है। 90 फीसदी से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। फाइनल पेंटिंग, बिजली से जुड़े कुछ कार्य और पंखे लगाना बाकी है। विभाग से राशि मिलने के बाद शेष कार्य तेजी से पूरा कर भवन शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा। चारदीवारी की भी मांग : पंचायत समिति सदस्य राणा शैलेश सिंह ने भवन के साथ विद्यालय की चहारदीवारी कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा और परिसर की व्यवस्था के लिए चारदीवारी जरूरी है। ग्रामीणों ने भी राशि जल्द जारी कर निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

