Biharsharif News: चेवाड़ा: 81 साल पुरानी है बड़ी दुर्गा की पूजा, अंग्रेजों से लड़कर हुई थी पहली बार स्थापना
Biharsharif News: चेवाड़ा में 81 साल पुरानी बड़ी दुर्गा पूजा की तैयारी चल रही है, जिसे अंग्रेजों के दौर में स्थापन किया गया था। पूजा के लिए दो लोगों की शहादत हुई। भक्त माता के दरबार से कभी खाली हाथ नहीं लौटते। इस बार माता का शृंगार कोलकाता से लाया जाएगा और नवमी-दशमी को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

Biharsharif News: पूजा पंडाल चेवाड़ा: 81 साल पुरानी है बड़ी दुर्गा की पूजा, अंग्रेजों से लड़कर हुई थी पहली बार स्थापना विसर्जन के दौरान शहीद हुए थे संस्थापक नारायण पंडित और दरोगा भोला बाबू, आज भी गूंजते हैं उनके नारे कोलकाता के शृंगार से सजेंगी माता, नवमी-दशमी को मुंबई के कलाकार पेश करेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम फोटो: चेवाड़ा मां दुर्गा : चेवाड़ा के आजाद मोहल्ले में कुछ इसी रूप में दर्शन देंगी बड़ी दुर्गा। चेवाड़ा, निज संवाददाता। शारदीय नवरात्र को लेकर चेवाड़ा नगर पंचायत के आजाद मोहल्ले में तैयारियां जोरों पर हैं। यहां सजने वाला बड़ी दुर्गा का दरबार न सिर्फ अगाध आस्था का केंद्र है, बल्कि अपने अंदर एक गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है। आजादी से पहले 1946 में भारी विरोध और पाबंदियों के बीच यहां पहली बार माता की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस बार भी शेर पर सवार होकर महिषासुर का वध करतीं माता रानी अपने भव्य मंदिर में भक्तों को दर्शन देंगी।
स्थापना के लिए दी गई थी दो लोगों की कुर्बानी
चेवाड़ा के बड़े-बुजुर्ग बताते हैं कि 1946 में अंग्रेजी हुकूमत के दौर में यहां पूजा करना आसान नहीं था। तमाम पाबंदियों को दरकिनार कर समाजसेवी टुक नारायण शर्मा, नारायण पंडित और तत्कालीन थानाध्यक्ष (दारोगा) भोला बाबू ने पूजा की नींव रखी थी। असामाजिक तत्वों ने विसर्जन के दिन नारायण पंडित की हत्या कर दी थी। तब भोला बाबू ने खुद माता की प्रतिमा कंधे पर उठाई और उपद्रवियों से मुकाबला करते हुए विसर्जन पूरा किया था। कुछ दिन बाद उपद्रवियों ने दारोगा की भी जान ले ली। यही कारण है कि आज भी विसर्जन के दिन नारायण पंडित और भोला बाबू अमर रहें के नारे लगाए जाते हैं।
मन्नत पूरी होने पर मूर्ति बनवाते हैं भक्त
पहले यहां सिर्फ पंडाल बनता था। लेकिन माता की कृपा से अब उस स्थान पर एक विशाल और भव्य मंदिर खड़ा है। पूजा समिति के अध्यक्ष लट्टू यादव, सचिव वीरेंद्र यादव और कोषाध्यक्ष गोविंद चौधरी ने बताया कि माता के दरबार से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु माता की प्रतिमा निर्माण का पूरा खर्च उठाते हैं। इसके लिए लोगों को बकायदा अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
परंपरा: पहले पूजा, फिर खुलता है पट
परंपरा के अनुसार, सप्तमी को माता का पट खुलता है। सबसे पहली पूजा चेवाड़ा के अर्जुन प्रसाद स्वर्णकार के परिवार द्वारा की जाती है। वर्तमान में उनके पुत्र बबलू स्वर्णकार यह पूजा करते हैं। इसके बाद ही आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होता है। पुरोहित सच्चिदानंद के पूर्वज शुरुआत से ही यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराते आ रहे हैं। इस बार माता का शृंगार और सजावट का सारा सामान कोलकाता से मंगाया जा रहा है। मंदिर को दूधिया रोशनी से सजाया जाएगा, ताकि दूर से ही प्रतिमा की चमक नजर आए। नवमी और दशमी के दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें मुंबई से आए कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। (चेवाड़ा से संजीव कुमार)

