Biharsharif News: 145 पंचायत सरकार भवन तैयार, फिर भी एक में नहीं चल रहा सीएससी
Biharsharif News: बिहारशरीफ में पंचायत स्तर पर बैंकिंग समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की सरकारी मंशा धरातल पर नहीं उतर सकी है। 145 पंचायत सरकार भवनों में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) शुरू किया गया था, लेकिन कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण वे नहीं चल रहे हैं। कई जगह सीएससी तीन माह में बंद हो गए हैं।

Biharsharif News: 145 पंचायत सरकार भवन तैयार, फिर भी एक में नहीं चल रहा सीएससी पंचायत स्तर पर बैंकिंग समेत अन्य सुविधाएं बहाल करने की योजना बेअसर, दो साल पहले 95 भवनों में शुरू हुआ था सीएससी कर्मियों के पंचायतों में नहीं बैठने से ग्रामीण नहीं पहुंचे, तीन माह में ही कई जगह बंद हो गया मिनी बैंक फोटो : बिन्द पंचायत सरकार भवन। बिहारशरीफ, हिन्दुस्तान संवाददाता।
पंचायत स्तर पर बैंकिंग सुविधाएं
पंचायत स्तर पर बैंकिंग समेत अन्य ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने की सरकारी मंशा जिले में धरातल पर उतर नहीं सकी। जिले के एक भी पंचायत सरकार भवन में वर्तमान में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालित नहीं हो रहा है। दो साल पहले जिला प्रशासन की पहल पर 95 पंचायत सरकार भवनों में सीएससी शुरू कराये गये थे। लेकिन पंचायत सरकार भवनों में पंचायत स्तरीय कर्मियों के नहीं बैठने से ग्रामीण भी वहां नहीं पहुंचे। नतीजतन, संचालकों ने महज तीन माह में ही कई जगह सीएससी बंद कर दिए। सीएससी के जिला प्रबंधक कृष्ण मुरारी ने बताया कि जिले के 95 पंचायत सरकार भवनों में कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित कराये गये थे। लेकिन ग्रामीण पंचायत भवन में काम कराने नहीं पहुंच रहे थे। इसके कारण सेंटर चलाना मुश्किल हो गया। वर्तमान में एक भी पंचायत सरकार भवन में सीएससी संचालित नहीं है।
भवन तैयार होने के बावजूद सेवाएं नहीं
145 भवन तैयार, फिर भी प्रखंड मुख्यालय में निपट रहा काम : जिले में 145 पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हैं। इनमें जरूरी आधारभूत सुविधाओं के साथ पंचायत स्तरीय कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बैठने के लिए अलग-अलग चैम्बर भी बनाये गये हैं। इसके बावजूद अधिकतर पंचायत सरकार भवनों में कर्मी नियमित रूप से नहीं बैठ रहे हैं। कई कर्मी प्रखंड मुख्यालय से ही काम निपटा रहे हैं।
हाजिरी की समस्याएं
बायोमेट्रिक हाजिरी पर भी सवाल : पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पंचायत सरकार भवन में बायोमेट्रिक हाजिरी बनाने का प्रावधान है। इसके बावजूद कर्मियों के रोस्टर के अनुसार पंचायतों में नहीं बैठने की शिकायतें हैं। प्रखंड से लेकर जिला स्तर के अधिकारी भी इससे अवगत हैं, फिर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीणों को हो रही परेशानी
प्रखंड कार्यालय की दौड़ : पंचायत सरकार भवनों में सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद ग्रामीणों को भूमि, जाति, आय, निवास और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसे कामों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना कर्मियों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से प्रभावी नहीं हो पा रही है। (बिहारशरीफ से अभिषेक कुमार)


