बिहार में पत्नी से छेड़खानी करने से रोका, तो चचेरे भाई ने सरेआम ले ली जान; इलाके में तनाव
Bihar Crime News: भागलपुर के जवारीपुर में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर चचेरे भाई सौरभ यादव ने टोटो चालक विष्णु यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले से खून के रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ तिलकामांझी थाना क्षेत्र के जवारीपुर में रविवार की देर रात एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि मृतक का अपना चचेरा भाई है। वारदात के समय आरोपी ने पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे जवारीपुर इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है, वहीं आरोपी वारदात के बाद से ही फरार बताया जा रहा है।
आधी रात को बुलाकर किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय विष्णु यादव के रूप में हुई है, जो भाड़े पर टोटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। घटना रविवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे की है, जब चचेरा भाई सौरभ यादव, विष्णु को घर से बुलाकर बाहर ले गया था। वहां दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान सौरभ के पिता और उसके अन्य भाई भी वहीं मौजूद थे। गुस्से में पागल सौरभ ने अचानक चाकू निकालकर विष्णु की जांघ और उसके निचले हिस्से पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी विष्णु को रात में ही मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पैर की मुख्य नस कटने की बात कहकर उसे तुरंत पटना रेफर कर दिया। लेकिन पटना पहुंचने से पहले ही विष्णु ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पत्नी से छेड़खानी करने का विरोध बना मौत की वजह
सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों ने इस खौफनाक हत्या के पीछे की जो वजह बताई, उसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी चचेरा भाई सौरभ यादव अक्सर विष्णु की पत्नी के साथ गंदी हरकतें और छेड़खानी करता था। विष्णु अपनी पत्नी की इज्जत की खातिर उसे लगातार ऐसा करने से मना करता था और इसी बात लेकर रविवार की रात दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया था। तिलकामांझी थानेदार इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।


