
बिहार में पतियों के अवैध संबंध से पत्नियां परेशान, महिला आयोग में रोज 10 शिकायतें
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि आयोग में पिछले कई महीने से पति के अवैध संबंध की शिकायतें बहुत आ रही हैं। हर दिन चार से पांच मामले इसी से जुड़े होते हैं। इसके लिए दूसरे पक्ष को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग की जाती है।
शादी के 20 साल अधिक हो गये, सबकुछ ठीक चल रहा था। लेकिन अचानक से पत्नी को पता चला कि पिछले कई सालों से पति का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इससे परेशान पत्नियां अब बिहार राज्य महिला आयोग पहुंच रही हैं। महिला आयोग इसे गंभीरता से लेते हुए पीड़िता के पति को बुला उनकी काउंसिलिंग कर रहा है। कई पीड़िता के पति बार-बार बुलाने पर भी नहीं आ रहे हैं। ऐसे मामले में आयोग स्थानीय पुलिस की मदद ले रहा है।
बिहार राज्य महिला आयोग में हर दिन 10 से 12 मामले दर्ज हो रहे हैं। इसमें चार से पांच केवल पति के अवैध संबंध से जुड़े हैं। इसमें कई मामले तो 25 साल के भी हैं। आयोग की मानें तो शादी के 25 सालों के बाद रिश्ते बिगड़ रहे हैं। शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी ऐसे मामलों को लेकर पहुंच रही हैं। आयोग जब काउंसिलिंग के लिए दूसरे पक्ष को बुला रहा है, तो वे आने को तैयार नहीं हैं। इसके लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है।
केस एक : सिपारा पटना की रहने सोनी कुमारी (बदला हुआ नाम) के शादी के 10 साल हो गए। पिछले तीन साल से इनके पति का अवैध संबंध किसी और महिला के साथ है। अब इसे लेकर सोनी कुमारी ने महिला आयोग में मामला दर्ज करवाया है।आयोग ने उसके पति को दो बार नोटिस भी दिया है।
केस दो : दानापुर की पिंकी कुमारी (बदला हुआ नाम) ने महिला आयोग में पति के खिलाफ अवैध संबंध होने का मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने बताया कि शादी के 20 साल हो गए। बड़े-बड़े बच्चे हैं। पति का दो साल से किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। आयोग ने पीड़िता के पति को बुलाकर काउंसिलिंग की है।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि आयोग में पिछले कई महीने से पति के अवैध संबंध की शिकायतें बहुत आ रही हैं। हर दिन चार से पांच मामले इसी से जुड़े होते हैं। इसके लिए दूसरे पक्ष को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग की जाती है। इसका असर भी पतियों पर हुआ है। कई के बिगड़ रहे रिश्ते संभले हैं।





