Hindi NewsBihar NewsBihar Weather Updates Montha cyclone aandhi barish chunavi sabhaye radd helicopter aaj ka mausam bhari barish
चुनावी माहौल में मौसम का कहर, उड़ान नहीं भर सके नेताओं के उड़नखटोले; कब तक मिलेगी राहत

चुनावी माहौल में मौसम का कहर, उड़ान नहीं भर सके नेताओं के उड़नखटोले; कब तक मिलेगी राहत

संक्षेप:

Bihar Weather Updates: मोंथा चक्रवात की मार से बिहार में चुनावी रफ्तार थम गई है। बारिश और हवा का दौर जारी है, फसलें क्षतिग्रस्त और जनता परेशान, राहत रविवार से मिलने के आसार हैं।

Sat, 1 Nov 2025 11:52 AMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Bihar Weather Updates: बिहार में मोंथा चक्रवात की वजह से पिछले तीन दिनों से जारी आंधी और बारिश ने आम लोगों के साथ-साथ चुनावी माहौल को भी खासा प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को भी खराब मौसम के चलते कई राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सके, जिसके कारण 23 चुनावी सभाएं रद्द करनी पड़ीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, अभिनेता और गायक पवन सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं की व्यस्त चुनावी रैलियां मौसम की भेंट चढ़ गईं। कुछ नेताओं ने निर्धारित सभाओं में जाने के बजाय जनता को मोबाइल के जरिए संबोधित करना पड़ा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मौसम का किसानों पर दोहरी मार, फसलें चौपट

तेज हवा और बारिश ने प्रदेश में धान समेत कई खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीण इलाकों में किसान चिंता में हैं, क्योंकि कटनी के समय खड़ी फसलें गिरने से पैदावार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी राज्य के ज्यादातर जिलों में गरज और तेज हवा के साथ बारिश जारी रहने के आसार हैं। वहीं, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

कब तक मिलेगी राहत?

मौसम विभाग ने बताया कि रविवार से प्रदेश भर का मौसम साफ होने लगेगा। अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इस कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास बरकरार रहेगा।

26 जिलों में हुई बारिश, अररिया सबसे आगे

शुक्रवार को बिहार के 26 जिलों में औसत 29.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अररिया में सबसे अधिक 31.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड हुई। किशनगंज में 23.5 मिमी, मधुबनी में 20.5 मिमी, मुंगेर और छपरा में 19 मिमी, दरभंगा में 18 मिमी, सुपौल में 17 मिमी, भागलपुर में 14.7 मिमी, मधेपुरा में 11.5 मिमी, पूर्णिया में 11.3 मिमी और मुजफ्फरपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई। पश्चिमी चंपारण में 7.8 मिमी, समस्तीपुर, वैशाली, नालंदा और रोहतास में 7.5 मिमी, बक्सर में 7 मिमी, सहरसा में 6.1 मिमी, पटना और अरवल में 4.5 मिमी, सिवान में 4 मिमी, पूर्वी चंपारण में 3 मिमी, गया में 2.8 मिमी, रोहतास में 2.6 मिमी, जहानाबाद में 1 मिमी और शेखपुरा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज हुई।

तापमान में गिरावट

मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण शुक्रवार को ज्यादातर शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बांका में राज्य का सबसे अधिक तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और बाल्मीकि नगर में सबसे कम 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।