Bihar Weather: दरभंगा समेत 4 जिलों में कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पटना में आंधी-बिजली
बिहार में कल 14 जुलाई मंगलवार को उत्तर बिहार में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने 4 जिलों में ऑरेंज, तो 8 में येलो अलर्ट जारी किया है। पटना समेत आसपास के इलाकों में आंधी, बिजली का खतरा बना रहेगा।
Bihar Weather Tomorrow: बिहार में मॉनसून की मेहरबानी से झमाझम बारिश का दौर कल यानी मंगलवार 14 जुलाई को भी जारी रहेगा। उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने मंगलवार को दरभंगा समेत 4 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि भागलपुर समेत 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में आंधी और आकाशीय बिजली की आशंका है।
कल बिहार में कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के चार जिलों में मंगलवार को अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार और सुपौल जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और सहरसा जिले में भी भारी बारिश का दौर रहेगा। इन जिलों में येलो अलर्ट है।
पटना समेत इन जिलों में आंधी-बिजली की चेतावनी
इसके अलावा, खगड़िया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली जिले में आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना समेत दक्षिण मध्य बिहार के जिलों में भी तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। खराब मौसम में लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है। इन जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। एक-दो जगहों पर झमाझम बूंदाबांदी हो सकती है।
बिहार में अभी सक्रिय रहेगा मॉनसून
बिहार (खासकर उत्तरी जिलों) में इस सप्ताह मॉनसून सक्रिय रहेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19 जुलाई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, दक्षिण बिहार में अभी मूसलाधार बरसात के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
6 जिलों में हुई भारी बारिश
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटे के भीतर पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, अररिया और मधुबनी जिले में भारी बारिश दर्ज की गई। मधुबनी के माधवपुर में सर्वाधिक 274.6, पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ में 169.8, सारण के अमनौर में 109.1 मिलीमीटर पानी गिरा।
इस दौरान पटना में 44 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। सबसे अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम पारा 21.5 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में रहा।
मौसम का ताजा हाल
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक एक ट्रफ गुजर रही है। उत्तर-पूर्व बिहार और उसके आसपास एक वायु चक्रवाती परिसंचरण केंद्र बना हुआ था, जो सोमवार को खत्म हो गया। वहीं, मॉनसून ट्रफ गोरखपुर, मुजप्फरपुर से होकर गुजर रही है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


