Bihar Weather Today: आज 10 जिलों में आंधी-पानी, मानसून फिर सक्रिय; IMD का अलर्ट जारी
आज 18 अगस्त को भी 10 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि इन जिलों में बारिश के साथ आंधी भी चलेगी

Bihar Weather Today: बिहार में मानसून फिर से मजबूती से सक्रिय हो गया है। सोमवार को पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। आज 18 अगस्त को भी 10 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि इन जिलों में बारिश के साथ आंधी भी चलेगी और वज्रपात की भी संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लोगों को मौसम की गतिविधियों पर अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
जिन 10 जिलों में भारी बारिश की चेतवान दी गई है उनमें भभुआ, गया, सारण, सिवान, बक्सर, जहानाबाद, नवादा, रोहतास, औरंगाबाद और वैशाली शामिल हैं। इन जिलों में लोगों को आंधी-पानी के साथ भारी वर्षा के दुष्प्रभाव से बचने की सलाह दी गई है।
सोमवार को पटना में झमाझम मानसूनी बारिश ने नगर निगम के तमाम दावों की पोल खोल दी। लगभग आधे घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद ही कंकड़बाग, आनंदपुरी, राजेन्द्र नगर, कदमकुआं सहित शहर के निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही पटना जंक्शन गोलंबर, कंकड़बाग इलाके में चिरैयाटांड़ पुल के नीचे जलजमाव हो गया। इसके कारण वहां से गुजरने वाले दो पहिया चालकों और पैदल यात्रियों को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया और साइकिल चालकों को संतुलन बनाने के लिए पानी में जूते पहने पैर तक उतारने पड़े। इससे उनके जूते पानी से भींग गए। पैदल चलने वालों की स्थिति ज्यादा खराब नजर आयी। पानी में गुजरने वाली गाड़ियां पैदल चलने वालों पर छींटे उड़ाती नजर आयी।
पुलों के ऊपर भी जलजमाव
पटना में चिरैयाटांड़, स्टेशन रोड, रामगुलाम चौक जाने वाले पुलों के ऊपर भी पानी जमा नजर आया। इसके अलावा चिरैयाटांड़ सहित कई सड़कों पर जमा पानी के कारण गाड़ियोंकी गति बेहद धीमी रही। दो पहिया और चार पहिया गाड़ियां सड़कों पर रेंगती नजर आयी। इसके कारण लोगों को दो-चार किलोमीटर की दूरी भी घंटा, 45 मिनट में तय हुई।
नगर निगम और बुडको की टीम ने संभाला मोर्चा
निगम अधिकारियों ने दावा किया है कि बारिश के तुरंत बाद पटना नगर निगम और बुडको की संयुक्त टीम पानी निकासी को लेकर सक्रिय हो गई। बुडको की टीम ने बारिश के दौरान ही विभिन्न संप हाउसों के निर्बाध चलने और भारी मात्रा में जलनिकासी की सूचना कंट्रोल रूम को भेजी। निगम सूत्रों के अनुसार बारिश के बाद शहर के सभी 56 ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद निर्धारित मानक प्रचालन पद्धति के अनुसार जलजमाव की निकासी की गई। इस दौरान क्विक रिस्पांस टीम ने सड़कों से कचरा हटाने और बंद नालियों के मुंह खोलती हुई नजर आयी।
7


