Bihar Weather Today: पटना में आंधी-बारिश से पलटा मौसम; समस्तीपुर, नालंदा समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट
बिहार में आज मौसम बहुत खराब रहने वाला है। राजधानी पटना में आंधी के साथ तेज बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। समस्तीपुर, नालंदा, बेगूसराय समेत 10 जिलों में शाम तक मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Bihar Weather Today: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी पटना में बुधवार दोपहर को तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। अन्य जिलों में भी मौसम खराब होने की सूचना है। मौसम विभाग ने 6 मई को शाम तक पटना, समस्तीपुर, नालंदा समेत 10 जिलों में आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को खराब मौसम में बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार दोपहर को तात्कालिक पूर्वानुमान जारी कर पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, नालंदा, जमुई, बांका, मुंगेर, लखीसराय, वैशाली और शेखपुरा जिले में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में रेड अलर्ट है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को चेताया है कि वे सतर्क और सावधान रहें। मौसम बिगड़ने पर पक्के मकान की शरण लें। ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों के नीचे ना खड़े रहें। साथ ही किसानों से मौसम सामान्य होने तक अपने खेत में नहीं जाने की अपील की गई है।
इन प्रखंडों में मौसम खराब रहने की आशंका
जमुई जिले के सभी 10 प्रखंडों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पटना के अथमलगोला, खुसरूपुर, घोसवरी, पंडारक, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, बेलछी और मोकामा में मौसम खराब होने की आशंका है। इसी तरह नालंदा के अस्थावां, चंडी, नगरनौसा, नूरसराय, बिंद, रहुई, सरमेरा और हरनौत में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी है। समस्तीपुर जिले के पटोरी, मोरवा, मोहनपुर, मोहिउद्दीन नगर, विद्यापति नगर और सरायरंजन में मौसम खराब रहेगा।
वहीं, बेगूसराय जिले के तेघड़ा, बछवाड़ा, बरौनी, भगवानपुर एवं मंसूरचक, जबकि मुंगेर जिले के खड़गपुर, टेटिया बंबोर, तारापुर, धरहरा एवं संग्रामपुर में रेड अलर्ट । लखीसराय में सदर प्रखंड के साथ ही रामगढ़ चौक, सूर्यगढ़ा, हलसी एवं चानन, शेखपुरा के बरबीघा और वैशाली जिले के जंदाह, देसरी, बिदुपुर, महनार, राघोपुर, राजापाकर, सहदई बुजुर्ग प्रखंड में मौसम बिगड़ने की आशंका है।
कब तक खराब रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में इस सप्ताह आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 11 मई के बाद मौसम के सामान्य होने के आसार नजर आ रहे हैं। तब तक विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ बरसात और बिजली आदि की आशंका बनी रहेगी।
गुरुवार 7 मई को भी उत्तर बिहार, कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


