Bihar Weather: सुबह में छाया अंधेरा और झमाझम बारिश, बिहार में प्री मानसून का असर; 32 जिलों में आंधी-पानी और वज्रपात

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather Today: इधर मौसम विभाग ने पंजाब से बिहार होकर पश्चिमी बंगाल के मैदानी भागों तक ट्रफ लाइन बनने से पटना सहित 32 जिलों में आंधी-पानी और वज्रपात की आशंका हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को सीमांचल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Bihar Weather: सुबह में छाया अंधेरा और झमाझम बारिश, बिहार में प्री मानसून का असर; 32 जिलों में आंधी-पानी और वज्रपात

Bihar Weather Today: गुरुवार की सुबह बिहार में मौसम ने जबरदस्त करवट ली है। आरा, बक्सर, छपरा और सुपौल समेत कुछ अन्य जिलों में आंधी के साथ-साथ झमाझम बारिश हो रही है। सुबह-सुबह बारिश और तेज हवाएं चलने से बिहार के कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी से भारी राहत मिली है। सुबह के वक्त बिहार के कई जिलों में अंधेरा छा गया। हालत यह हो गई कि सड़क पर चलने वाली गाड़ियों की लाइटें ऑन नजर आईं।

इधमौसम विभाग ने पंजाब से बिहार होकर पश्चिमी बंगाल के मैदानी भागों तक ट्रफ लाइन बनने से पटना सहित 32 जिलों में आंधी-पानी और वज्रपात की आशंका हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को सीमांचल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राज्य के दक्षिणी पश्चिमी भाग के जिलों को छोड़कर पटना सहित राज्यभर में गरज तड़क और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। पटना सहित दक्षिण बिहार में 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक आंधी का येलो अलर्ट है। आंधी पानी की यह स्थिति 13 जून तक बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि चार दिनों में बिहार में मानसून के प्रसार के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। गुरुवार को संभावित यह वर्षा प्री मानसून गतिविधियां हैं।

मानसून अगले हफ्ते तक पहुंचनेे की उम्मीद

मुजफ्फरपुर जिले में भी लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने गुरुवार से अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना भी जताई है। अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की बात कही है।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने कहा कि मानसून तेजी से जिले की ओर बढ़ रहा है। इस कारण मानसून जनित परिस्थितियों के जोर पकड़ने से बारिश के आसार बढ़ते जा रहे है। पछुआ हवा के चलने से बंगाल की खाड़ी से आनेवाली नम हवाओं से उमस की अधिकता बनी रह रही है। उन्होंने अगले सप्ताह मानसून के जिले में प्रवेश कर जाने की संभावना जताई।

भागलपुर में 14 जून तक तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

भागलपुर जिले में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। बिहार कृषि विवि (बीएयू) सबौर द्वारा जारी पूर्वानुमान के 14 जून तक दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी (40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं), चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 13 जून को भागलपुर और बांका में भारी बारिश होने की भी संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस था। बीएयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्वानुमान अवधि में 12-14 किमी/घंटा की गति से दक्षिण-पूर्वी हवा चलने का अनुमान है।

गया जी जिले में बारिश के आसार

गया जी जिले में भी लोगों को उमस से राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ एसके पटेल ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को गर्म पछुआ हवाएं चली थीं, जबकि बुधवार को पुरवैया हवा के कारण उमस बढ़ गई। उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और पंजाब से बिहार तक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके अलावा बिहार से बंगाल की खाड़ी तक भी एक अन्य ट्रफ लाइन गुजर रही है।

इन मौसमी प्रणालियों के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 11 जून की शाम या 12 जून से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। 12 से 14 जून के बीच प्री-मानसून बारिश होने के प्रबल आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर लगातार बना हुआ है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।