Bihar Rain: भोजपुर, भागलपुर और पूर्णिया में अगले 3 घंटे में बारिश, पटना में भी बरसात; किऊल–भागलपुर रेल लाइन ठप

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Rain: बिहार के कुछ जिलों में झमाझम तो कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी पटना में भी बदरा खूब बरसे हैं। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे में भागलपुर, बक्सर समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है।

Bihar Rain
Bihar Rain

Bihar Rain: बिहार के कई जिलों में बारिश हो रही है। बारिश की वजह से जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं किसान भी आसमान से हो रही बारिश से बेहद खुश हैं। मौसम विभाग ने आज 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पटना से सटे भोजपुर जिले के कई हिस्सों में सोमवार की सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हालांकि, दिन चढ़ने के कुछ ही देर बाद पटना में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज पटना में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी।

पटनावासियों के लिए अच्छी बात यह है कि जिले में 21 जुलाई, 22 जुलाई, 23 जुलाई और 24 जुलाई को भी अलग-अलग हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है। आज पटना में झमाझम बारिश हुई है। तेज बरिश में 50 मीटर तक दृश्यता घट गई थी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो-तीन घंटे में भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, कटिहार, पूर्णिया, और रोहतास जिलों के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात तथा बारिश के सााथ तेज-हवा चलेगी। इस दौरान हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है।

भारी बारिश से किऊल–भागलपुर रेलखंड ठप

इधर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण किऊल–भागलपुर रेलखंड पर सोमवार को रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। कजरा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर करीब दो फीट पानी जमा हो जाने से सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया। इससे कई महत्वपूर्ण ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर घंटों तक खड़ी रहीं और हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, 22948 भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे से अभयपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। वहीं जमालपुर–किऊल डीएमयू को धरहरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया, जबकि गया–जमालपुर पैसेंजर दशरथपुर स्टेशन पर घंटों तक खड़ी रही। अचानक ट्रेनों के रुक जाने से यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई। कई यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित हुई, जबकि जरूरी कार्यों से जा रहे लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्टेशन परिसर में यात्री ट्रेन परिचालन सामान्य होने का इंतजार करते रहे। रेलवे प्रशासन ट्रैक पर जलस्तर कम होने और सुरक्षा जांच के बाद 10:14 मे ट्रेनों का परिचालन शुरू किया।स्टेशन प्रबंधक ललित कुमार ने यात्रियों से रेलवे की ओर से धैर्य बनाए रखने और आधिकारिक सूचना के अनुसार यात्रा करने की अपील की गई है।

बांका जिले में सुबह से हो रही बारिश

सोमवार की सुबह से बांका जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। पिछले कई दिनों से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण धान की रोपनी प्रभावित हो रही थी, जिससे किसान चिंतित थे। सोमवार की बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने लगा है, जिससे रोपनी कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। किसानों ने बताया कि यदि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर इसी तरह बारिश होती रही तो धान की खेती को काफी लाभ मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि समय पर हुई वर्षा खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। बारिश शुरू होते ही कई गांवों में किसान परिवार खेतों की ओर निकल पड़े और रोपनी की तैयारी में जुट गए। इससे कृषि कार्यों में तेजी आने के साथ अच्छी पैदावार की उम्मीद भी बढ़ गई है

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsभोजपुर, भागलपुर और पूर्णिया में अगले 3 घंटे में खूब बारिश, पटना में भी बरसात