Bihar Weather: बिहार के सीवान, वैशाली और चंपारण समेत 20 जिलों में बरसेंगे बदरा; वज्रपात का भी अलर्ट, मौसम का हाल

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मुजफ्फरपुर से गुजर रही मानसून ट्रफ बिहार के 20 जिलों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश कराएगी। कटिहार और किशनगंज में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी है। कुछ जगहों पर वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

Bihar Weather

बिहार के कई जिलों में आसमान से बादल बरस रहे हैं और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को अररिया, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान, सुपौल, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में मध्यम दर्जे की वज्रपात, वर्ष और हवा चलने का अनुमान है। मुजफ्फरपुर से गुजर रही मानसून ट्रफ बिहार के 20 जिलों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश कराएगी। कटिहार और किशनगंज में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि अररिया, भागलपुर, बांका, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल में वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

पटना में आंशिक बूंदाबांदी

रविवार को दिन में उमस की स्थिति रही। शाम पांच बजे के आसपास कंकड़बाग के इलाके में आंशिक बूंदाबांदी हुई। मौसमविदों के मुताबिक उत्तर पूर्व बिहार की ओर चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी है। इसके प्रभाव से आंशिक बूंदाबांदी की स्थिति उत्तर पश्चिमी बिहार और दक्षिण मध्य बिहार में बन सकती है।

बिहार के 17 जिलों में बारिश की कमी

बिहार में मानसून के आगमन को एक महीना बीत चुका है, लेकिन राज्य में बारिश की भारी कमी बनी हुई है। प्रदेश का एक भी जिला ऐसा नहीं है, जहां सामान्य वर्षा दर्ज की गई हो। मानसून ने 11 जून को बिहार में दस्तक दी थी। सीमांचल में बादलों की सक्रियता अपेक्षाकृत अधिक रहने के बावजूद वहां भी सामान्य से कम बारिश हुई है।

राज्य के 17 जिलों में वर्षा की कमी 50 प्रतिशत या उससे अधिक है, जबकि 18 जिलों में 30 से 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। वहीं, केवल तीन जिलों में वर्षा की कमी 13 से 30 प्रतिशत के बीच है। सबसे अधिक 68 प्रतिशत वर्षा की कमी गयाजी जिले में दर्ज की गई है। राजधानी पटना में भी सामान्य से 56 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

बारिश की भारी कमी वाले ये हैं जिले

अरवल 56%, औरंगाबाद 59 %, बांका 54%, भभुआ 51%, भागलपुर 58%, भोजपुर 61%, गया जी 68%, जहानाबाद 65%, जमुई 59%, मधेपुरा 53%, मुंगेर 56 %, नालंदा 60%, पटना 56%, सहरसा 57 प्रतिशत, सारण 67 प्रतिशत, शेखपुरा 54 प्रतिशत, सीतामढ़ी 55 प्रतिशत।

मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान में होगा इजाफा

मुजफ्फरपुर में मौसम पूर्वानुमानों के अनुसार जिले में रविवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। हालांकि, सभी जगहों पर एक समान बारिश नहीं हुई। वहीं बारिश के बीच तेज धूप खिलने से तापमान में तेज वृद्धि हुई। इसके असर से हवा में नमी की औसत मात्रा सौ प्रतिशत के आसपास बनी रही। अधिकतम तापमान बढ़कर पिछले चार दिनों में पहली बार सामान्य से ऊपर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान आंशिक वृद्धि के बावजूद अभी भी गत एक पखवाड़े से सामान्य के नीचे बना हुआ है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में वृद्धि का पूर्वानुमान जताया है। 16 जुलाई को आंधी के साथ भारी बारिश के बीच वज्रपात की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्र्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

भागलपुर में धूप-छांव के बीच बढ़ा तापमान

भागलपुर जिले के सबौर, पीरपैंती, कहलगांव के इलाकों में 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई। अधिकांश हिस्सों में धूप-छांव के बीच तापमान में चार डिग्री की वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 13-15 जुलाई के दौरान एक-दो स्थानों पर आंधी और मध्यम बारिश का अनुमान है।

पूर्णिया जिले में अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना

पूर्णिया जिले में पिछले एक सप्ताह से बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पूर्णिया का मौसम सुहावना हो गया है। रविवार को भी सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। दोपहर में करीब 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद मौसम और भी सुहावना हो गया। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से कुछ समय के लिए गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 14, 17 और 18 जुलाई को येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अगले 24 घंटों में जिले के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।