Bihar Weather: अररिया, बांका और पूर्णिया में येलो अलर्ट, पटना में भी होगी बारिश; बिहार का मौसम
Bihar Weather: बिहार में मानसून मेहरबान है और यहां बारिश का दौर जारी है। बुधवार को मौसम विभाग ने पटना में हल्की बारिश तो अररिया, बांका, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्णिया में 24 और 26 जुलाई के लिए भी येलो अलर्ट है।
Bihar Weather: बिहार में मानसून सक्रिय है। कई जिलों में बारिश से मौसम सुहाना है और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। बारिश होने की वजह से कई जगहों पर किसानों के भी चेहरे खिले हुए हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को पटना में हल्की बारिश तो अररिया, बांका, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसमविद के अनुसार अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। मंगलवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया। मंगलवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 3.6 डिग्र वृद्धि के साथ 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया जिले में 24 और 26 तारीख को भी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
अगले पांच दिन भारी बारिश के आसार नहीं
मुजफ्फरपुर जिले में मानसून कमजोर पड़ने से अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने मंगलवार को अगले पांच दिनों का मौमसम पूर्वानुमान जारी किया है। वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि 22 से 26 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि 23 व 24 जुलाई के आसपास कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
भागलपुर में 26 तक आंधी-बारिश के आसार
बिहार कृषि विवि (बीएयू) सबौर ने भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक बताया है कि 22-26 जुलाई तक आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। साथ ही जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी, चलने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेंटीग्रेड रहने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80-90 प्रतिशत तथा दोपहर में 70-80 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमान अवधि में 10-15 किमी/घंटा की गति से पूरबा हवा चलने का अनुमान है। यह जानकारी बीएयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने दी।
पूर्णिया में 22, 24 और 26 को येलो अलर्ट
पूर्णिया जिले में मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 22, 24 और 26 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 23, 25 और 27 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।


