Bihar Weather Today: बिहार का मौसम बिगड़ा, कई जिलों में हो रही बारिश, ठनका का भी खतरा

लाइव हिन्दुस्तान
share

Bihar Weather Today 25 September: मानसून की विदाई से पहले बिहार में बारिश का दौर जारी है। आज पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी और ठनका की चेतावनी दी गई है।

Bihar Weather Today
Bihar Weather Today

Bihar Weather Today 25 September: बिहार में बारिश के मौसम की विदाई होने वाली है। जान से पहले मानसून एक्टिव है। राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवा और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रहेंगी। आज शुक्रवार को पटना समेत 20 जिलों में कहीं भारी तो मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण उत्तर बिहार में गर्मी से लोगों को काफी हदतक निजात मिली है। नेपाल में गुरुवार से रविवार तक भारी बारिश की चेतावनी के बीच भारत-नेपाल सीमा से सटे कोसी बराज और सुनसरी क्षेत्र में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

पटना समेत इन जिलों में बारिश की संभावना

आज जिन जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है उनमें राजधानी पटना भी शामिल है। इसके अलावे प्रदेश के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद नालंदा, गया, पूर्णिया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय जिलों के लिए बारिश के साथ तेज हवा और ठनका गिरने का अलर्ट दिया गया है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम की गतिविधियों के अनुसार दिनचर्या तय करने की सलाह दी गई है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार जताए गए हैं।

नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट, सतर्कता बढ़ी

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक नेपाल में गुरुवार से रविवार तक भारी बारिश हो सकती है। इस वजह से भारत-नेपाल सीमा से सटे कोसी बराज और सुनसरी क्षेत्र में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में सशस्त्र प्रहरी बल एपीएफ तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा रात में अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र का असर मौसम पर पड़ रहा है। सुनसरी के सीडीओ ईश्वरी प्रसाद अर्याल एवं प्रवक्ता राजमणि निरौला ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखने का निर्देश दिया है।

बढ़ रहा कोसी नदी का डिस्चार्ज

कोसी बराज कंट्रोल रूम के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे बराज से 1,09,795 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे यह बढ़कर 1,40,260 क्यूसेक और दोपहर तीन बजे 1,71,410 क्यूसेक हो गया। शाम चार बजे बराज से 1,77,390 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। बराह क्षेत्र में सुबह आठ बजे 99,500 क्यूसेक, दोपहर 12 बजे 1,15,850 क्यूसेक, तीन बजे 1,09,400 क्यूसेक और शाम चार बजे 1,06,250 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज किया गया। वहीं कोसी पश्चिमी मुख्य नहर में सिंचाई के लिए 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। मुख्य अभियंता वीरपुर ई. संजीव शैलेश ने बताया कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए कोसी के अभियंता 24 घंटे तैयार हैं।

पूर्णिया में 28 तक होगी बारिश

पूर्णिया में आगामी तीन दिन बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है। 28 सितंबर तक गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

गुरुवार को कई जिलों में बारिश से तबाही

कल गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में आंधी और गरज तड़क के साथ बारिश हुई जिससे नुकसान भी हुआ। पूर्णिया में तेज आंधी से 50 घरों के छप्पड़ उड़ गए। समस्तीपुर में बारिश का दर्दनाक मंजर देखने को मिला। एक सरकारी स्कूल में पुराना पेड़ गिर गया जिसमें दबकर तीन छात्राओं की मौत हो गई। बांका में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई। पटना में पंढारक इलाके में एनएच-31 पर इमली का पेड़ गिर गया जिससे आवागमन काफी देरतक बाधित रहा।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार का मौसम बिगड़ा, कई जिलों में हो रही बारिश, ठनका का भी खतरा