Bihar Weather Today 23rd September: बिहार में अब बारिश का दौर, आज चंपारण, सीवान में खूब बरसेंगे बदरा; कल से कैसा मौसम
Bihar Weather Today 23rd September: बिहार में अब बारिश का दौर शुरू होगा। आ तीन जिलों में भारी बरसात का अलर्ट है। 25 सितंबर को पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज, सुपौल, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, में ऑरेंज अलर्ट है।

Bihar Weather Today 23rd September: बंगाल की खाड़ी की गतिविधियां बिहार के कुछ जिलों में बुधवार से बारिश कराएंगी। 25 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ेगा और 14 जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को तीन जिलों पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीवान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है तो पटना सहित 23 जिलों में गरज तड़क का अलर्ट है। 23 से 27 सितंबर के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में गरज तड़क और बारिश होगी। 25 सितंबर को पूर्वी चंपारण, अररिया, किशनगंज, सुपौल, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान में बहुत भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम: कल से तीन दिन बारिश के आसार
मुजफ्फरपुर जिले में अगले 24 से 26 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इसका पूर्वानुमान जारी किया है। कृषि विवि, पूसा के वरीय मौसम वैज्ञानिक ए सत्तार ने बताया कि 23 से 27 सितंबर के बीच बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 24 से 26 सितंबर तक मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री और न्यूनतम 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शाम में हुई बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत
भागलपुर जिले में मंगलवार शाम को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह आर्द्रता 88 प्रतिशत जबकि दोपहर आर्द्रता 68 प्रतिशत दर्ज की गई। बीएयू के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि 23-27 सितंबर के दौरान के जिले के कुछ स्थानों पर घने बादल छाए रहेंगे साथ ही बारिश की भी संभावना है।
आज बारिश होने के आसार
पूर्णिया में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ते ही उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी। उस पर बिजली की लुका-छिपी की परेशानी अलग। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल आने के साथ धूप-छांव का नजारा भी दिखा। आसमान में बादल छा जाने एवं हवा बहने से गर्मी में हल्की नरमी आयी। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी 48 घंटे में हवा के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

