Bihar Weather Today 13 October: बिहार में मौसम का संक्रमण काल, सुबह-शाम पड़ेगी ठंड; पश्चिमी विक्षोभ लाएगी बारिश
Bihar Weather Today 13 October: मौसमविदों के अनुसार अब राज्य के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आएगा। 15 दिन मौसम के लिहाज से संक्रमण काल होता है। इसमें सुबह-शाम आंशिक ठंड की अनुभूति होगी। पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के भी हालात बनेंगे।

Bihar Weather Today 13 October: पटना, हिन्दुस्तान टीम। बिहार से मानसून की पूरी तरह विदाई हो गई है। पिछले दस दिनों से मानसून की विदाई रेखा सुपौल के पास ठिठकी हुई थी। तीन अक्टूबर से इसके विदाई की प्रक्रिया शुरू हुई थी। पहले दिन ही यह राज्य के 80 प्रतिशत क्षेत्र से लौट चुका था। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 12 अक्टूबर को यह बिहार से पूरी तरह वापस लौट गया। इस बार एक दशक में सबसे पहले मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हुई थी। हालांकि इसकी पूरी तरह वापसी मानक तिथि के अनुसार हुई है। गौरतलब है कि राज्य में मानसून का प्रवेश मानक तिथि से दो दिन पहले हुआ था। इस अवधि में 32 प्रतिशत बारिश की कमी रही है। मौसमविदों के अनुसार अब राज्य के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आएगा। 15 दिन मौसम के लिहाज से संक्रमण काल होता है। इसमें सुबह-शाम आंशिक ठंड की अनुभूति होगी। दोपहर में मौसम की प्रकृति बादलों की आवाजाही पर निर्भर करेगी। दिन में बादल आए तो अधिकतम तापमान में कमी आएगी। इससे ठंड की अनुभूति बढ़ेगी।
धूप खिलने पर उमस वाली गर्मी महसूस होगी। स्थानीय वजह, पश्चिमी विक्षोभों की मजबूती मौसम के बदलाव का अहम कारण बनेगी। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सुबह में बादलों की आवाजाही रही, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप खिलने पर गर्मी का एहसास हुआ। सोमवार को राज्य के 19 शहरों का अधिकतम तापमान बढ़ा है। प्रदेश में सबसे गर्म भभुआ रहा, जहां पारा डेढ़ डिग्री बढ़कर 36.9 डिग्री पर पहुंच गया। वाल्मीकिनगर में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 34 डिग्री, मोतिहारी में 2.4 डिग्री बढ़कर 35 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 0.6 डिग्री बढ़ कर 30.6 डिग्री, छपरा में 1.4 डिग्री बढ़कर 32.1 डिग्री दर्ज किया गया।
पटना में अधिकतम तापमान में कमी आई। पूर्वी बिहार में ज्यादा उछाल फारबिसगंज में रहा, चार डिग्री बढ़कर 33.4 डिग्री, सुपौल में 1.2 डिग्री बढ़कर 34.8 डिग्री, मधेपुरा में 1.6 डिग्री बढ़कर 33.3 डिग्री, पूर्णिया में 0.6 डिग्री बढ़कर 34.4 डिग्री, अगवानपुर में दो डिग्री बढ़कर 33.1 डिग्री, मुंगेर में डेढ़ डिग्री बढ़कर 32.8 डिग्री, भागलपुर में 1.2 डिग्री बढ़कर 33 डिग्री और सबौर में 0.8 डिग्री बढ़कर 32.2 डिग्री दर्ज किया गया। आशीष कुमार, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र पटना, ने कहा कि बिहार से पूरी तरह मानसून की विदाई हो गई है। इसकी वापसी की प्रक्रिया राज्य में तीन अक्तूबर से शुरू हुई। 12 अक्तूबर को यह पूरे राज्य से वापस लौट गया। इस बार मानसून की सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम : 17-18 को बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार आगामी 17 और 18 अक्तूबर को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बारिश पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। इसी कारण बारिश हो सकती है। मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से नमी सामान्य से अधिक रही।
सोमवार को मौसम शुष्क रहा, आसमान साफ
भागलपुर जिले में सोमवार को मौसम शुष्क रहा। अधिकांश समय आसमान साफ दिखा है। सुबह से ही धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई। हालांकि, शाम ढलने के बाद सुबह सूर्योदय तक तापमान में कमी आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर तक भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री और न्यूनतम 28-24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

