Bihar Weather Today 12 August: बिहार के सीवान, छपरा और बक्सर समेत 18 जिलों में बारिश, आज कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather Today 12 August: बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश के आसार हैं। सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर और भोजपुर समेत 18 जिलों में बदरा बरस सकते हैं।
Bihar Weather Today 12 August: अगस्त के महीने में बिहार का मौसम यहां के लोगों को चौंका रहा है। कहीं बारिश का दौर है तो कहीं उमस वाली गर्मी भी पड़ रही है। मंगलवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ठनका गिरने से कई लोगों की मौत भी हो गई। इधर बुधवार को मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।
आज इन जिलों में हो सकती है बारिश
आज पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण शामिल हैं. इसके अलावा बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में हल्की बारिश हो सकती है। कई अन्य जिलों में लोगों को गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है।
आसमान में छा सकते हैं बादल, होगी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार भागलपुर में बिहार कृषि विवि (बीएयू) सबौर ने मौसम पूर्वानुमान मंगलवार को जारी किया है। पूर्वानुमान अवधि 12-16 अगस्त के दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। साथ ही जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह जानकारी बीएयू के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने मंगलवार को दी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारिक ने बताया कि पूर्वानुमान की अवधि में सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80-85 प्रतिशत तथा दोपहर में 60-65 प्रतिशत रहने की संभावना है।
उमस भरी गर्मी ने शहरवासियों को किया परेशान
पूर्णिया जिले में मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि दिन चढ़ते ही धूप खिलने से उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी 12 अगस्त , 13 अगस्त एवं 16 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया गया है।


