Bihar Weather Today 10th September: बिहार के औरंगाबाद, चंपारण और नवादा में बारिश का येलो अलर्ट; 19 जिलों में वज्रपात
Bihar Weather Today 10th September: पटना सहित राज्य के 19 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के तट पर एक चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। गुरुवार तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी, आसपास में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

Bihar Weather Today 10th September: उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण मध्य बिहार में मेघ गर्जन और वज्रपात के बादल तेजी से बन रहे हैं। औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज और नवादा में मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। पटना सहित राज्य के 19 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के तट पर एक चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। गुरुवार तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी, आसपास में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
सितंबर में भी सामान्य से कम बारिश का दौर जारी
मुजफ्फरपुर जिले में लगातार चौथे महीने सितंबर में भी कम बारिश का दौर जारी है। पिछले दो दिनों के दौरान जिले में झमाझम बारिश हुई है। इसके बावजूद बुधवार तक शुरुआत के नौ दिनों में बारिश सामान्य औसत से एक चौथाई कम रही है। इससे इस साल भी खरीफ फसल के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव होने की आशंका जताई जा रही है।
तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस
भागलपुर जिले में बुधवार का मौसम शुष्क रहा। दिनभर तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस काफी बढ़ गई। दोपहर के तापमान में दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। दिन का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि उमस के कारण लोगों को 40 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास हुआ। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 84 प्रतिशत रही।
शहर में कहीं झमाझम बौछार तो कहीं मात्र हल्की फुहार
पूर्णिया जिले में बुधवार को सुबह में आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकली और तपिश तेज हो गयी। उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी लेकिन शाम होते ही आसमान में उमड़ते घुमड़ते बादल की बौछार शुरू हो गयी। हालांकि, शहर के दक्षिणी हिस्से के इलाकों में बौछार हुई जबकि उत्तरी हिस्से में सिर्फ फुहार हुई। मौसम के मिजाज को देख लोग भी हतप्रभ रह गए। एक ही शहर में दो तरह के नजारे थे।
पॉलीटेक्किन चौक और मरंगा के क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई जबकि गिरिजा चौक और आरएन शाव चौक के तरफ सिर्फ फुहार हुई। फुहार होने से मौसम खुशगवार हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इस दौरान बिजली की लुकाछिपी से लोगों की परेशानी जरूर हुई। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


