Bihar Weather: मौसम में जारी है उतार-चढ़ाव, गर्म कपड़े पहनना ना छोड़ें; आगे कैसा रहेगा तापमान
Bihar Weather: मौसम के बदले रुख की वजह से लोगों पर फेरिन्जाइटस वायरल ने हमला बोल दिया है। इस वायरस का सबसे अधिक वार लोगों के गले पर हुआ है। गला चोक हो रहा है तो बुखार के साथ-साथ खांसी सता रही है। इसके अलावा गले में संक्रमण से दर्द, खराश और सूजन से लोग बेहाल हैं।

Bihar Weather: बिहार में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। दिन के वक्त लोगों को जहां गर्मी सता रही है तो वहीं रात और अहले सुबह ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम के इस रूख को देखते हुए डॉक्टरों ने कहा है कि अभी लोग गर्म कपड़े पहनना ना छोड़ें। मौसम पूर्वानुमान की बात करें तो आज 20 फरवरी को बिहार के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान कहीं 14-16 डिग्री तो कुछ जगहों पर 12-14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 21 फरवरी से बिहार के लगभग जिलों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम के बदले रुख की वजह से लोगों पर फेरिन्जाइटस वायरल ने हमला बोल दिया है। इस वायरस का सबसे अधिक वार लोगों के गले पर हुआ है। गला चोक हो रहा है तो बुखार के साथ-साथ खांसी सता रही है। इसके अलावा गले में संक्रमण से दर्द, खराश और सूजन से लोग बेहाल हैं। कुछ को सिरदर्द और उल्टियां भी हो रही हैं। ऐसे मौसम में अभी गर्म कपड़ा पहनना नहीं छोड़ें।
भागलपुर जिले में स्थित मायागंज अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल में फिजीशियन, ईएनटी और चेस्ट स्पेशलिस्ट के यहां मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। रोजाना यहां पर 30 से 35 की संख्या में फेरिन्जाइटिस वायरस के शिकार मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। जेएलएनएमसीएच के मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजकमल चौधरी बताते हैं कि मौसम में बदलाव के साथ ही फेरिन्जाइटिस के वायरस सक्रिय हो जाते हैं। अभी गर्म पकड़े पहनना न छोड़ें। वरीय फिजिशियन डॉ. विनय कुमार झा कहते हैं कि अभी सर्दियों वाली सावधानियां बरतना जरूरी है। सुबह-शाम अधिक ध्यान रखें।
दवा लेना बीच में न छोड़ें
मायागंज अस्पताल के चेस्ट एंड टीबी विभाग के अध्यक्ष डॉ. बीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ तीन से चार तरह के वायरस सक्रिय हैं। इस कारण बुखार के साथ खांसी, गले में दर्द और जुकाम के मामले बढ़े हैं। इसे ठीक होने में तीन से चार हफ्ते का समय लग जाता है। सांस, अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को ऐसे मौसम में खांसी हो जाती है, उन्हें दवा व इन्हेलर लेते रहना चाहिए।
भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम
बिहार के भागलपुर जिले में आंशिक बदरी और बादलों की ओट से सूरज की हो रही लुकाछिपी से गुरुवार का पूरा दिन धूप-छांव के बीच गुजरा। गुरुवार को न केवल दिन का पारा गिरा, बल्कि करीब एक सप्ताह बाद पहली बार दिन में लोगों को धूप चुभी नहीं। बीते 24 घंटे के दौरान जहां दिन का पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया तो वहीं रात का पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस चढ़ गया।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीएयू, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, इस दौरान दिन और रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। लेकिन शनिवार को जहां दिन का पारा दो डिग्री सेल्सियस तक उछलेगा तो वहीं रात के तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है।


