बिहार में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; जानिए कब से बिगड़ने वाला है मौसम

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज और बाकी में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। राज्यभर में आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका है। 

Bihar Weather

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम पलटने वाला है। शुक्रवार 27 मार्च से राज्य भर में एक बार फिर आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा। मौसम विभाग ने 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है। उत्तर बिहार में खराब मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इससे पहले गुरुवार को समूचा बिहार भीषण गर्मी की चपेट में रहा। खासकर दक्षिणी जिलों में तापमान 35 डिग्री के ऊपर ही दर्ज किया गया।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार शाम पूर्वानुमान जारी कर कहा कि अगले 24 घंटे के भीतर राज्य में फिर से आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य भर में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चने का अनुमान है। इस दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की भी संभावना है।

12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

27 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर जिले में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की है। आंधी, वज्रपात के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। वहीं, पटना, गयाजी, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया समेत अन्य सभी जिलों में शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है।

3 दिन रहेगा असर

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश का दौर बना रह सकता है। शनिवार और रविवार को भी कोसी, सीमांचल, पूर्वी एवं उत्तर बिहार के जिलों में चेतावनी जारी की गई है। बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

38 डिग्री तक पहुंचा पारा, दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी

बिहार में बीते 2-3 दिनों से मौसम शुष्क रहने की वजह से दिन में तपिश काफी बढ़ गई। गुरुवार को दक्षिण बिहार के अधिकतम जिलों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। रोहतास जिले का बिक्रमगंज 37.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। कैमूर में 37, शेखपुरा में 36.8, गयाजी में 36.2, बक्सर में 35.3, पटना में 35.2 और सीवान में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

बता दें कि पिछले सप्ताह भी बिहार में मौसम बिगड़ा था, जिस वजह से जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हुआ था। आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से कई जिलों में जानमाल का नुकसान हुआ था। अब एक बार फिर खराब मौसम की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को फसल चौपट होने की आशंका है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; जानिए कब से बिगड़ने वाला है मौसम